बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

जल्दी अस्तित्व में आएगा सारंगगढ़-बिलाईगढ़ जिला : बोले भूपेश बघेल

जल्दी अस्तित्व में आएगा सारंगगढ़-बिलाईगढ़ जिला : बोले भूपेश बघेल
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला जल्द अस्तित्व में आएगा। इसके लिए जल्द ही ओएसडी की नियुक्ति की जाएगी। मुख्यमंत्री आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम सलौनीकला में आयोजित चंद्रनाहू (चंद्रा) विकास महासमिति के 76वाँ वार्षिक अधिवेशन को सम्बोधित कर रहे थे।

बघेल ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए ग्राम सलौनीकला में चंद्रा समाज के सामाजिक भवन के लिए 30 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की। साथ ही उन्होंने रायपुर के अमलीडीह में समाज के भवन हेतु कलेक्टर गाइडलाइंस दर के 10 प्रतिशत मूल्य पर जमीन उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के विस्तार हेतु जोंक डायवर्सन अर्जुनी की ऊँचाई बढ़ाने हेतु विभागीय परीक्षण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। कार्यक्रम में चंद्रनाहू समाज की महिलाओं द्वारा बनाए गए लगभग 100 किलोग्राम छत्तीसगढ़ी व्यंजन अईरसा रोटी से तौलकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के अन्नदाताओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। जिसमें राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना प्रमुख है। बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्रदान करने के लिए राज्य में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले गए हैं। हमने इसकी सीटे भी बढ़ाई है। यह एक ऐसा सरकारी स्कूल है जिसमें अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए अभिभावकों में उत्साह है। राज्य में गोधन योजना से रोजगार और आय के नए स्रोत प्रारंभ हुए हैं। जिसके पास पहले कोई रोजगार नहीं होता था। वे गोबर बेचकर लाभ कमा रहे हैं। इसी तरह सरकार गौठान योजना के माध्यम से गोधन की रक्षा कर रहा है। गौठान में वर्मी कंपोस्ट का निर्माण किया जा रहा है। गोधन न्याय योजना की पूरे देश में सराहना की जा रही है। गांव की परंपरा को पुनर्जीवित करने का काम सरकार द्वारा किया जा रहा है। योजनाओं को चलाने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने पैरादान के लिए किसानों से आव्हान भी किया कि वह पराली को जलाए नही बल्कि गौठानो में दान करे।

Pushpanjali sahu
लेखक / पत्रकार:

Pushpanjali sahu

विशेष संवाददाता

The Rural Press के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकार से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन