टीआरपी डेस्क। कांकेर जिले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद सदस्य पुसऊ राम दुग्गा की दर्दनाक मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ठंड से बचने के लिए उन्होंने कमरे में अलाव जलाया था। आशंका है कि रात में उन्हें हार्ट अटैक आया, जिससे वे गिर पड़े और पास में जल रहे अलाव से बिस्तर में आग लग गई।

परिजनों ने बताया कि देर रात सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्होंने मालिश करवाई थी। कुछ देर बाद घर में सामान जलने की आवाज आई, तो परिवार के लोग जब कमरे में पहुंचे, तो उन्होंने पुसऊ राम को पूरी तरह जला हुआ पाया। आग बुझाने के बाद शव को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई।

भानुप्रतापपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का वास्तविक कारण रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुसऊ राम दुग्गा की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।