बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

बिजली विभाग में सीरियल चोरी : गांव-गांव से एबी केबल और ट्रांसफार्मर सामग्री चोरी की हो रही है वारदातें, गांवों में अंधेरे का है आलम

बिजली विभाग में सीरियल चोरी : गांव-गांव से एबी केबल और ट्रांसफार्मर सामग्री चोरी की हो रही है वारदातें, गांवों में अंधेरे का है आलम
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

0 बिजली अफसर ने 7 चोरियों की एक साथ कराई FIR

अकलतरा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा उपसंभाग में बिजली विभाग की सामग्रियों की लगातार हो रही चोरी ने गंभीर रूप ले लिया है। इन घटनाओं के चलते इलाके के गांवों की बिजली बार-बार बाधित हो रही है। इस मामले में कोटगढ़ वितरण केन्द्र में पदस्थ बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (JE) दुर्गेश कुमार जाटवर ने थाना प्रभारी अकलतरा को एक लिखित प्रतिवेदन देकर चोरी की घटनाओं की जानकारी दी। जिसके आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

जेई दुर्गेश जाटवर ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि उनके अधीनस्थ क्षेत्रों में बीते दो महीनों से लगातार ट्रांसफार्मर की सामग्री और एलटी एबी केबल चोरी की जा रही है। इन चोरियों के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है और विभाग को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

कब, कहां हुई चोरी की वारदातें

बिजली विभाग के आवेदन में सात अलग-अलग चोरी की घटनाओं का उल्लेख किया गया है:

22 जून 2025 – ग्राम सोनडीह (नदी किनारे) से 16 KVA ट्रांसफार्मर सामग्री चोरी।

30 जून 2025 – ग्राम झिरिया (भलवाहीखार) से 0.61 किमी एबी केबल चोरी।

04 जुलाई 2025 – ग्राम अकलतरी (बांधापारा) से 0.44 किमी एबी केबल चोरी।

22 जुलाई 2025 – ग्राम कल्याणपुर (फाटकपारा) से 0.32 किमी एबी केबल चोरी।

25 जुलाई 2025 – ग्राम सांकर (कोसमंदा खार) से 0.48 किमी एबी केबल चोरी।

08 अगस्त 2025 – ग्राम पोडीदल्हा (खम्हिया तालाब) से 0.36 किमी एबी केबल चोरी।

15 अगस्त 2025 – ग्राम मुडपार (उपकापारा) से 0.28 किमी एबी केबल चोरी।

इन सभी घटनाओं में अज्ञात चोरों द्वारा की गई चोरी की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये आंकी गई है।

संगठित गिरोह कर रहा है वारदातें

कनिष्ठ अभियंता द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर थाना अकलतरा पुलिस ने संज्ञान लेते हुए धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाएं एक संगठित गिरोह की ओर इशारा करती हैं, जो लगातार बिजली विभाग की सामग्री को निशाना बना रहा है।

बिजली आपूर्ति हो रही है प्रभावित

लगातार हो रही चोरियों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ट्रांसफार्मर और एबी केबल के नुकसान से जहां गांवों में बिजली की समस्या खड़ी हो रही है, वहीं विभाग पर मरम्मत और सामग्री बदलने का अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि चोरी की घटनाएं बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो रही है और इससे आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

वारदातों के चलते ग्रामीणों में नाराजगी

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली चोरी के कारण कई बार उन्हें घंटों अंधेरे में रहना पड़ता है। चोरी की घटनाओं से न सिर्फ विभाग को नुकसान हो रहा है बल्कि आम जनता भी इसकी मार झेल रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और आसपास के कबाड़ी बाजारों की जांच कर रही है, ताकि चोरी गई सामग्री का सुराग लगाया जा सके।

Shami Imam
लेखक / पत्रकार:

Shami Imam

संभागीय प्रमुख व वरिष्ठ संवाददाता

बस्तर व सरगुजा अंचल के दूरस्थ क्षेत्रों से जनमुद्दों और जनसमस्याओं पर बेबाक रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन