रविवार, 27 सितंबर 2026 रवि, 27 सित॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

कुकरेजा परिवार को धमकी मामले में आया नया मोड़, शोएब ढेबर ने हरियाणा के युवक से करवाया फोन! पूछताछ कर रही पुलिस

Raipur News: कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने के मामले में पुलिस की जांच में शोएब ढेबर की भूमिका सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि शोएब ही दूसरे लोगों के माध्यम से लॉरेंस के नाम पर धमकी भरे फोन करवाता था। तेलीबांधा पुलिस ने शनिवार देर रात […]

कुकरेजा परिवार को धमकी मामले में आया नया मोड़, शोएब ढेबर ने हरियाणा के युवक से करवाया फोन! पूछताछ कर रही पुलिस
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Raipur News: कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने के मामले में पुलिस की जांच में शोएब ढेबर की भूमिका सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि शोएब ही दूसरे लोगों के माध्यम से लॉरेंस के नाम पर धमकी भरे फोन करवाता था। तेलीबांधा पुलिस ने शनिवार देर रात शोएब ढेबर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सेंट्रल जोन एसीपी, थाना प्रभारी समेत पुलिस अधिकारियों की टीम उससे पूछताछ कर रही है। कुकरेजा परिवार को फ़ोन कर 25 करोड़ की फिरौती मांगने की जानकारी सामने आई है।

शोएब ढेबर शराब घोटाला मामले में आरोपित अनवर ढेबर का बेटा है। वह कांग्रेस नेता और रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा है। इसी वजह से पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी राजनीतिक और कारोबारी हलकों में चर्चा है। हालांकि, धमकी प्रकरण में शोएब की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।

हरियाणा के युवक से करवाता था फोन

पुलिस की जांच में पता चला है कि धमकी देने के लिए हरियाणा के एक युवक का इस्तेमाल किया जाता था। यह युवक रायपुर के एक होटल में काम करता है। आरोप है कि उससे होटल के वाई-फाई के जरिए फोन करवाए जाते थे, ताकि कॉल करने वाले की पहचान और लोकेशन छिपाई जा सके। वीआइपी रोड क्षेत्र के एक होटल में बैठकर शराब पीने के बाद धमकी भरे फोन किए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। पुलिस अब होटल, वाई-फाई कनेक्शन, मोबाइल और इंटरनेट कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि होटल में शोएब और धमकी देने वाले युवकों की कितनी बार मुलाकात हुई।

जांजगीर के युवक से पूछताछ में खुला नाम

कुकरेजा के पिता को धमकी देने के मामले में पुलिस ने पहले जांजगीर-चांपा के एक युवक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि युवक ने लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने के लिए फोन किया था। इसके बदले उसे करीब पांच हजार रुपये दिए जाने की बात सामने आई है। इसी पूछताछ के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे शनिवार देर रात मेमन समाज के कार्यक्रम से हिरासत में लिया।

सात लोगों को धमकी देने की जांच

पुलिस को अब तक करीब सात लोगों को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी दिए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इन सभी मामलों के पीछे एक ही नेटवर्क था या अलग-अलग लोगों ने लॉरेंस का नाम इस्तेमाल किया। कॉल डिटेल, इंटरनेट कॉल, मोबाइल लोकेशन और पैसों के लेन-देन की जांच की जा रही है।

ढेबर परिवार को भी मिली थी 50 करोड़ की धमकी

कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता और पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर फोन कर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इस मामले में कोतवाली थाने में एफआइआर दर्ज है। अब पुलिस कुकरेजा को मिली धमकी और ढेबर परिवार से 50 करोड़ रुपये मांगने के मामले के बीच भी कनेक्शन तलाश रही है।

शोएब से पूछताछ में नेटवर्क की कड़ियां तलाश रही पुलिस

पुलिस अब शोएब से यह जानने का प्रयास कर रही है कि धमकी देने वाले युवकों से उसका संपर्क कैसे हुआ, उन्हें कितने पैसे दिए गए और लॉरेंस का नाम इस्तेमाल करने के पीछे क्या मकसद था। पुलिस यह भी जांच रही है कि कहीं अलग-अलग लोगों को धमकी दिलवाकर किसी तरह का दबाव या ब्लैकमेलिंग तो नहीं की जा रही थी। फिलहाल शोएब की भूमिका को लेकर जांच जारी है और पुलिस ने पूछताछ के निष्कर्षों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

शोएब का विवादों से पुराना नाता

इससे पहले पिछले साल शोएब ने स्कूल संचालक आरबी मिश्रा की गाड़ी को टक्कर मार दी थी। इस दौरान स्कूल संचालक को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। वहीं FIR के बाद शोएब ढेबर शहर छोड़कर फरार हो गया था। इसके अलावा अगस्त 2025 में वह जेल में बिना अनुमति मुलाकात कक्ष में घुस गया था और इस दौरान उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसकी किसी भी कैदी से मुलाकात पर रोक लगा दी थी। नव्या मालिक ड्रग्स केस में भी शोएब ढेबर की संलिप्तता के आरोप लगे थे। वहीं

आईपी क्लब फायरिंग केस

रायपुर के एक नाइट क्लब में 7 नवंबर 2021 की आधी रात को दो गुटों के बीच भारी मारपीट और तोड़फोड़ हुई थी। इस विवाद में शोएब ढेबर और उसके साथी शामिल थे। घटना के कुछ दिन बाद, 13 नवंबर को दिलीप मिश्रा नाम का व्यक्ति उसी क्लब में पहुंचा और विवाद के दौरान अपनी पिस्टल से हवाई फायरिंग (गोलीकांड) कर दी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और मीडिया रिपोर्टिंग के बाद पुलिस ने शोएब ढेबर व उसके साथियों पर मारपीट और दिलीप मिश्रा पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।

Naveen Kumar Sahu
लेखक / पत्रकार:

Naveen Kumar Sahu

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन