अवैध खनिज पर बड़ी कार्रवाई: 8 वाहन जप्त

टीआरपी। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में खनिज विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला और रेत का अवैध परिवहन कर रहे 8 वाहनों को जप्त किया है। मुख्यमंत्री के सुशासन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के संकल्प के तहत जिला प्रशासन द्वारा यह सख्त कदम उठाया गया है।

इस कार्रवाई से सूरजपुर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय अवैध खनन माफियाओं पर लगाम कसेगी। सरकारी राजस्व की चोरी रुकने के साथ-साथ पर्यावरण को हो रहे नुकसान को कम किया जा सकेगा, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।

खनिज अमले की छापामार कार्रवाई: ऐसे दबोचे गए माफिया


कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार जिला स्तरीय टास्कफोर्स और खनिज अमले ने खनन प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। 07 जून 2026 को तहसील सूरजपुर के ग्राम पचिरा-मानी चौक मार्ग पर जांच के दौरान ग्राम बेलटिकरी के पास अवैध कोयला ले जा रही 06 मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया। इन वाहनों से करीब 5 टन कोयला जप्त कर पुलिस थाना सूरजपुर की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।

इसके बाद 08 जून 2026 को राजापुर रेत खदान क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अवैध रेत परिवहन में लगे 02 और टिपर वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा गया। इन वाहनों को जप्त कर पुलिस थाना जयनगर में सुरक्षित रखा गया है और वाहन मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

अवैध परिवहन के मामले में 06 मोटरसाइकिल और 02 टिपर सहित कुल 08 वाहन जप्त किए गए।

कार्रवाई के दौरान कुल 5 टन अवैध कोयला और भारी मात्रा में रेत जब्त की गई है।

खनिज विभाग ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भण्डारण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।