जशपुर। पुलिस के जवानों को चकमा देते हुए हथकड़ी छुड़ाकर गाड़ी से कूदकर रेप आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार दो जून को जिला जेल जशपुर में निरुद्ध धारा 296,115(2),118,64 व 62 बीएनएस का आरोपी रितेश प्रताप सिंह, डुगडुगिया कुनकुरी, जो कि पूर्व में एक नाबालिग लड़की के साथ शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण के मामले में जेल जा चुका था, और जेल से छूटने के बाद पुन: उक्त लडक़ी से शादी की बात को लेकर मारपीट करने पर, लड़की की शिकायत पर पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा गया था।

आरोपी रितेश को जिला जेल जशपुर से 6 अन्य मुलजिमों के साथ शासकीय वाहन से पेशी हेतु कुनकुरी न्यायालय में ले जाया गया था। पेशी पश्चात वापसी के वक्त रात्रि पौने 8 बजे लोरो घाट के पास मुल्जिम रितेश प्रताप सिंह, हथकड़ी जंजीर को हाथ से निकाल कर, चलती गाड़ी में पुलिस को चकमा देते हुए कूद कर फरार हो गया।

See also  Corona News : छत्तीसगढ़ के इस जिले में कोरोना विस्फोट, 14 छात्रा एक साथ संक्रमित

इन जवानों को किया गया निलंबित

लापरवाही बरतने पर ड्यूटी में तैनात पांच पुलिसकर्मियों क्रमश: प्रधान आरक्षक सुनसाय एक्का, आरक्षक लव कुश पैंकरा, आरक्षक जनक साय, आरक्षक डायमंड तिग्गा, आरक्षक पुतूरु राम को एसएसपी जशपुर, शशि मोहन सिंह ने निलंबित कर रक्षित केन्द्र जशपुर संबद्ध किया है। निलंबन के दौरान नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। निलंबित कर्मचारियों के विरूद्ध प्राथमिक जांच हेतु एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा को सौंपा गया है।

घटना की होगी विभागीय जांच

मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि कुनकुरी से मुलजिम पेशी के दौरान लौटते वक्त एक मुलजिम पुलिस की अभिरक्षा से फरार हो गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। अपनी ड्यूटी के दौरान घोर लापरवाही बरतने पर पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है, उनके विरुद्ध विभागीय जांच बैठाया जाएगा।