रायपुर। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा, जिसके असर से अगले पांच दिनों तक दक्षिणी छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 24 अक्टूबर से मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। आज भी प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। जगदलपुर, मानपुर, छोटेडोंगर, बस्तर और लोहांडीगुड़ा में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

राजधानी रायपुर में आज आकाश मेघमय रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों बाद प्रदेश में वर्षा की स्थिति एक बार फिर बन सकती है।