बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

सरकार ने महिलाओं को सशक्त करने का काम किया, खेतिहर मजदूरों के साथ न्याय, अभिभाषण में राज्यपाल रमेन डेका ने की साय सरकार की तारीफ, देखें प्रमुख अंश...

सरकार ने महिलाओं को सशक्त करने का काम किया, खेतिहर मजदूरों के साथ न्याय, अभिभाषण में राज्यपाल रमेन डेका ने की साय सरकार की तारीफ, देखें प्रमुख अंश...
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण के साथ हुई। अभिभाषण में राज्यपाल ने विष्णुदेव साय सरकार के काम-काज की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार ने महिलाओं को सशक्त करने का काम किया है, खेतिहर मजदूरों के साथ न्याय हुआ है, किसानों के जीवन में खुशहाली आई है। सरकार ने डिजिटलीकरण को बढ़ावा दिया है।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य और विधानसभा की रजत जयंती वर्ष है। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खात्मे की ओर है। किसानों को फसल का उचित दाम दिया जा रहा है और राज्य में खेती को बढ़ावा मिल रहा है। जैविक खेती, जलवायु परिवर्तन पर काम हो रहा है। प्रदेश में 69 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। राज्यपाल ने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं में समृद्धि आई है।

राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति लागू किए जाने की सराहना
राज्‍यपाल रमेन डेका ने अपने अभिभाषण में प्रदेश में राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति लागू किए जाने की सराहना की है। विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन सदन को संबोधित करते हुए राज्‍यपाल ने कहा कि नई पीढ़ी को रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने मेरी सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रदेश में लागू किया है।

18 स्थानीय भाषाओं में बच्चों को शिक्षा
राज्‍यपाल ने कहा कि मेरी सरकार 18 स्थानीय भाषाओं में बच्चों को शिक्षा दे रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कक्षा पहली से कक्षा दसवीं तक की हिन्दी माध्यम की पाठ्य पुस्तकों को क्यूआर कोड युक्त किताबों में परिवर्तित किया गया है। कक्षा पहली एवं दूसरी के लिए द्वि-भाषी पाठ्य पुस्तकें निकाली गई है।

राज्यपाल ने कहा, प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के विद्यालयों के संचालन के लिए शैक्षणिक कैलेण्डर का निर्माण किया गया है। 5 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए संचालित 9438 बालवाड़ियों में गतिविधि पुस्तिका, अभ्यास पुस्तिका के साथ दैनिक शिक्षण योजना तैयार की गई है। खेल-खेल में बच्चों को सिखाने में 30 हजार 522 विद्यालयों में टॉय किट का वितरण किया गया है।

प्रदेश में 341 पीएमश्री विद्यालय
राज्‍यपाल ने सदन को बताया कि प्रदेश में 341 पीएमश्री विद्यालय आरंभ किये गये हैं। पांचवी और आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं पुनः आरंभ की गई हैं। पेरेंट्स टीचर मीटिंग का एजेंडा मेरी सरकार ने व्यवस्थित किया है। आम नागरिकों को अपने जन्मदिन को न्योता भोज के रूप में बच्चों के साथ मनाने की परंपरा आरंभ करने से स्कूलों से सामुदायिक जुड़ाव बढ़ा है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति से उच्च शिक्षा को जोड़ा
राज्‍यपाल ने कहा कि मेरी सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति से उच्च शिक्षा को भी जोड़ा है। इसके अंतर्गत स्नातक पाठ्यक्रम में कौशल विकास के साथ ही मूल्यपरक शिक्षा आदि विद्यार्थियों की रुचि और रोजगार की जरूरतों के अनुरूप 44 पाठ्यक्रमों को शामिल किया गया है। महापुरुषों की जीवनियों को भी पाठ्यक्रम में सम्मिलित किया गया है।

Akash Dhangar
लेखक / पत्रकार:

Akash Dhangar

विशेष संवाददाता

The Rural Press के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकार से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन