टीआरपी डेस्क। कहते हैं नाम से ही पहचान बनती है और पहचान से आत्मसम्मान। कबीरधाम जिले के एक छोटे से गांव के लिए आज यह बात पूरी तरह सच साबित हुई है। पीढ़ियों से चंडालपुर नाम के सामाजिक बोझ को ढो रहे इस गांव को अब नया नाम चंदनपुर मिल गया है। राज्य शासन द्वारा इस संबंध में राजपत्र (Gazette) में आधिकारिक अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई है।

दशकों से इस गांव के युवा और बुजुर्ग बाहरी दुनिया में अपना परिचय देने में हिचकिचाते थे। नाम बदलने से न केवल गांव की नई ब्रांडिंग होगी, बल्कि वहां के निवासियों के आत्मसम्मान और सामाजिक रिश्तों (विशेषकर विवाह संबंधों) में आने वाली असहजता भी दूर होगी।

जैसे ही ग्रामीणों को नाम परिवर्तन की आधिकारिक जानकारी मिली, पूरा गांव उत्सव के माहौल में डूब गया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को बधाई दी और खुशियां मनाईं। अब गांव की सीमाओं पर लगे बोर्ड और सरकारी दस्तावेजों में चंडालपुर की जगह चंदनपुर अंकित किया जाएगा।

ग्रामीणों ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि पहले जब भी वे बाहर जाते थे या किसी रिश्तेदारी में अपने गांव का नाम बताते थे, तो उन्हें अक्सर मजाक और असहजता का सामना करना पड़ता था। कई बार लोग नाम सुनकर गलत नजरिए से देखते थे। ग्रामीणों के अनुसार, अपने बेटे-बेटियों के विवाह का रिश्ता लेकर जाने पर गांव का नाम बताना सबसे कठिन होता था। अब चंदनपुर नाम होने से उन्हें गर्व और सम्मान की अनुभूति हो रही है।

अब राजस्व रिकॉर्ड, आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेजों में गांव के नाम को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू होगी। जिला प्रशासन जल्द ही गांव में नए नाम के औपचारिक बोर्ड लगाने की तैयारी करेगा।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।