CG Top 5 News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर रहेंगे। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक वे मंत्रालय में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। इसके बाद शाम को शिवरीनारायण मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और महानदी घाट पर आयोजित गंगा आरती में शामिल होंगे।
- मुख्यमंत्री शाम 6:30 बजे शिवरीनारायण महोत्सव में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे रात 11 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
- अनुकंपा नियुक्ति के लिए आज प्रदर्शन करेंगी विधवाएं
दिवंगत शिक्षाकर्मियों की विधवाएं अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर आज रायपुर में विरोध प्रदर्शन करेंगी। प्रदर्शनकारी अंबेडकर चौक पर भीख मांगकर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करेंगी। उनका कहना है कि लंबे समय से नियुक्ति की मांग उठाने के बावजूद अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। प्रदर्शनकारी विधवाएं और अन्य आश्रित दिवंगत शिक्षाकर्मियों के शेष पात्र परिजनों को नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग है कि आश्रितों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाए। लंबे समय से सुनवाई नहीं होने के कारण नाराज आश्रित विरोध के इस तरीके से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश करेंगे।
- आरंग बंद का ऐलान वापस
धर्मनगरी आरंग में नवरात्रि के प्रचार बैनर और फ्लेक्सी को कचरा वाहन में फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद सुलझ गया है। कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब की मौजूदगी में हुई बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने सर्व समाज और सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। इसके बाद सर्व समाज ने उन्हें माफ कर दिया। विवाद की शुरुआत सार्वजनिक नवदुर्गोत्सव समिति के जगराता कार्यक्रम के प्रचार के लिए लगाए गए 50 से अधिक फ्लेक्सी हटाने के बाद हुई थी। आरोप था कि नगर पालिका अध्यक्ष के आदेश पर बैनरों को हटवाकर कचरा वाहन में डलवा दिया गया। घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद श्रद्धालुओं और विभिन्न समितियों में नाराजगी फैल गई थी। इसके विरोध में 14 अक्टूबर को आरंग बंद और चक्काजाम का ऐलान किया गया था।
मंत्री की पहल से बनी सहमति
मामले को शांत करने के लिए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सर्व समाज, व्यापारी संघ और दुर्गोत्सव समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। सार्वजनिक माफी के बाद सर्व समाज ने विवाद समाप्त करने पर सहमति जताई। इसके साथ ही आरंग बंद और चक्काजाम का आह्वान वापस ले लिया गया। अब शहर में शांति और सौहार्द का माहौल कायम होने की उम्मीद है।
- हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस आज रद्द
रेलवे के विभिन्न मंडलों में चल रहे निर्माण और तकनीकी कार्यों का असर ट्रेनों के परिचालन पर पड़ रहा है। मुंबई मंडल के कल्याण-इगतपुरी रेलखंड के कसारा यार्ड में तीसरी रेल लाइन परियोजना के लिए यातायात एवं बिजली अवरोध और चक्रधरपुर मंडल के बंडामुंडा स्टेशन पर गैर-अंतरपाशन कार्य के चलते हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस की दोनों दिशाओं की सेवाएं रद्द की गई हैं।
12261 और 12262 नंबर की ट्रेनें रद्द
रेलवे के अनुसार, 13 अक्टूबर को हावड़ा से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस रद्द रही। वहीं, 14 अक्टूबर को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 12261 सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी। यात्रियों को यात्रा से पहले रेलवे से अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
- बीएससी कृषि ऑनर्स में प्रवेश के लिए दस्तावेज सत्यापन आज से
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएससी ऑनर्स कृषि पाठ्यक्रम की रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत पीएटी परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों और कक्षा 12वीं की योग्यता के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेज अपलोड करने और शुल्क जमा करने की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी है।
14 से 16 अक्टूबर तक होगा सत्यापन
विश्वविद्यालय ने अलग-अलग श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज सत्यापन का कार्यक्रम तय किया है। 14 अक्टूबर को पंजीकृत पीएटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों, 15 अक्टूबर को पंजीकृत कक्षा 12वीं उत्तीर्ण छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थियों और 16 अक्टूबर को पंजीकृत कक्षा 12वीं उत्तीर्ण अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को कृषि महाविद्यालय में होना होगा उपस्थित
दस्तावेज सत्यापन के बाद प्रावीण्य सूची जारी करने, सीट आवंटन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख पर कृषि महाविद्यालय में उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचें और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े निर्देशों का पालन करें।



