टीआरपी डेस्क। रायपुर में 2 अक्टूबर 2025 को विजयादशमी (दशहरा) का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर के विभिन्न हिस्सों में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, और इन कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने सुगम आवागमन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजना जारी की है।

रावण दहन के कार्यक्रम प्रमुख रूप से डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी दशहरा मैदान, रावणभाठा मैदान, बी.टी.आई. ग्राउंड, चौबे कॉलोनी दशहरा मैदान और सप्रे शाला मैदान में आयोजित किए जाएंगे।

यातायात पुलिस ने इन कार्यक्रमों के मद्देनजर पार्किंग की व्यवस्था भी तय की है:

  • डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी: यहां दर्शक फाफाडीह की ओर से खमतराई ओवरब्रिज से होकर पहुंचेंगे। पार्किंग कॉलोनी की गलियों और केंद्रीय विद्यालय के पास बने मैदान में होगी। वहीं खमतराई/उरकुरा से आने वाले दर्शक रेलवे क्रॉसिंग के पास अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।
  • रावणभाठा मैदान: रिंग रोड नंबर 1 और बस स्टैंड के पास वाहन पार्क किए जा सकेंगे। नेहरू नगर से आने वाले लोग बस टर्मिनल के सामने खाली मैदान में पार्क करेंगे। इसके अलावा, बसें भाठागांव चौक से नीलकंठेश्वर मंदिर मार्ग से गेट नंबर 2 से प्रवेश करेंगी।
  • बी.टी.आई. ग्राउंड: यहां दर्शक कचना-खम्हारडीह मार्ग के किनारे पार्किंग करेंगे। शंकर नगर मुख्य मार्ग पर वाहनों की पार्किंग सख्त मना की गई है।
  • चौबे कॉलोनी: जीई रोड से चौबे कॉलोनी टर्निंग और अग्रसेन चौक से समता कॉलोनी होकर दर्शक पहुंच सकेंगे। यहां पार्किंग मुख्य मार्ग को छोड़कर कॉलोनी की गलियों में की जाएगी।
  • सप्रे शाला मैदान: यहां कार्यक्रम में शामिल होने आने वाले लोग अपने वाहन बूढ़ा तालाब पार्किंग स्थल और गांधी मैदान में पार्क करेंगे।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और कार्यक्रम में शामिल न होने वाले वाहन चालक उन मार्गों से बचें, जहां कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। पुलिस की टीम हर स्थान पर तैनात रहेगी ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और लोग दशहरा उत्सव का आनंद बिना किसी असुविधा के ले सकें।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।