कोरबा। पूर्व में लैंको और अब अदानी ग्रुप के स्वामित्व में ग्राम पहन्दा में संचालित पावर प्लांट के विस्तार का ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। विस्तार की जनसुनवाई से पहले ही जिन गांवों पर विस्थापन की तलवार लटक रही है, वहां के ग्रामीणों ने सत्ता पक्ष से दूरी बनाते हुए पूर्व मंत्री कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर संरक्षण और हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपा है, जिसमें संयंत्र प्रबंधन पर पूर्व में किये वादों को आज तक पूरा नहीं किये जाने का आरोप लगाया है।

1600 मेगावाट  बिजली उत्पादन की है योजना

कोरबा जिले में संचालित लैंको पाॅवर प्लांट का अधिग्रहण एक वर्ष पूर्व ही अदानी समूह ने किया है। घाटे में चल रहे इस संयंत्र को खरीदने के बाद अब अदानी समूह संयंत्र के विस्तार की तैयारी में है। 1600 मेगावाट विस्तार के लिए प्रबंधन द्वारा जनसुनवाई की तैयारी की जा रही है,  मगर इस सुनवाई से पहले ही इसका विरोध शुरू हो गया है। संयंत्र विस्तार से प्रभावित होने वाले गांव के ग्रामीणों ने इस पूरे मामले को लेकर सत्ता पक्ष के नेताओं से मिलने की बजाय पर्वू मंत्री जयसिंह अग्रवाल से मुलाकात की।

See also  सीएम भूपेश बघेल के जन्मदिन के पहले कई बड़े नेताओं को मिल सकता है तोहफा!

जयसिंह ने किया सहयोग का वादा

बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जयसिंह अग्रवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और संयंत्र विस्तार के विरोध के साथ ग्रामीणों के हित में संरक्षण और हस्तक्षेप की मांग की। वहीं ग्रामीणों की इस मांग पर पूर्व मंत्री ने अपना समर्थन देने का वादा किया और ग्रामीणों के साथ बैठक की फोटो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर ग्रामीणों की समस्या और उनके अधिकार के लिए हमेशा खड़े रहने की बात लिखी है।