CG Breaking: 5 million British Pounds Ransom Demand -जिंदल कंपनी के चेयरमैन नवीन जिंदल को धमकी
CG Breaking: 5 million British Pounds Ransom Demand -जिंदल कंपनी के चेयरमैन नवीन जिंदल को धमकी

टीआरपी डेस्क

कंपनी के चेयरमैन नवीन जिंदल को धमकी देने का मामला सामने आया है। बिलासपुर केंद्रीय जेल से पत्र लिखकर बदमाश ने जिंदल से पांच मिलियन ब्रिटिश पाउंड की फिरौती मांगी है। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। इस मामले में जेल में बंद एक कुख्यात कैदी का नाम आ रहा है।

48 घंटे के भीतर फिरौती की रकम का भुगतान नहीं करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई है। इस घटना के बाद रायगढ़ के पतरापाली स्थित जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के महाप्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

धमकी भरा यह पत्र लाल स्याही से लिखा गया है, जिसमें केंद्रीय जेल बिलासपुर के कैदी क्रमांक 4563/97 लिखा हुआ है। लेटर में प्रेषक आई जुनार राजेंद्र नगर लिखा है। केंद्रीय जेल से मिले इस लेटर के बाद जिंदल कंपनी प्रबंधन में हड़कंप मच गया। प्रबंधक ने अपनी शिकायत में कहा है कि जिंदल स्टील एंड पावर प्रदेश में निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा उद्योग समूह है और छत्तीसगढ़ में समूह ने हजारों करोड़ रुपयों का निवेश स्टील,पावर,माइनिंग,सीमेंट उद्योगों की स्थापना और संचालन किया हुआ है। हजारों की संख्या में लोगों को इससे रोजगार भी मिल रहा है। उन्होंने केस की गंभीरता को देखते हुए चेयरमैन नवीन जिंदल को सुरक्षा देने की मांग की है।

See also  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कैबिनेट की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर

महाप्रबंधक सुधीर राय ने पुलिस को बताया कि 18 जनवरी को डाक के माध्यम से उन्हें एक लिफाफा मिला, जिसमें जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के चेयरमैन नवीन जिंदल का नाम लिखा हुआ था। लिफाफा खोलकर देखने पर उसमें धमकी भरा पत्र मिला है। उसमें गाली देते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है और पांच मिलियन ब्रिटिश पाउंड की फिरौती मांगी गई है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।