बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
TRP Crime News

DIRTY POLITICS : रायगढ़ में भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ आखिरकार छेड़खानी का मामला हुआ दर्ज, पार्टी की महिला कार्यकर्ता ने की थी पुलिस में शिकायत

DIRTY POLITICS : रायगढ़ में भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ आखिरकार छेड़खानी का मामला हुआ दर्ज, पार्टी की महिला कार्यकर्ता ने की थी पुलिस में शिकायत
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

रायगढ़। जिला भाजपा अध्यक्ष उमेश अग्रवाल के खिलाफ पीड़ित भाजपा नेत्रियों द्वारा की गई शिकायत पर पार्टी ने तो कुछ नहीं किया मगर पुलिस ने इस मामले की प्रारंभिक जांच के बाद अग्रवाल के खिलाफ FIR दर्ज करके राजनैतिक गलियारे में हड़कंप मचा दिया है।

रायगढ़ में इन दिनों डर्टी पॉलिटिक्स चरम पर है। पिछले दिनों कांग्रेस की महिला पार्षद द्वारा की गई आत्महत्या के बाद हो रहे खुलासे ने तहलका मचा दिया। इससे अलग भारतीय जनता पार्टी में चल रहे घटनाक्रम ने भी राजनीति के अंदर चलने वाली गन्दी राजनीति को भी उजागर कर दिया है। यहां भाजपा के जिला प्रमुख के खिलाफ ही छेड़छाड़ का मामला दर्ज हो गया है।

जिले की एक 22 वर्षीय भाजपा नेत्री के द्वारा 3 दिन पहले उमेश अग्रवाल के खिलाफ छेड़खानी की लिखित शिकायत कोतवाली थाने में दी गई थी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने आज IPC की धारा 354 के तहत जुर्म कायम किया है।

मामला दर्ज होने के बाद आज उमेश अग्रवाल ने सोशल मीडिया के फेसबुक वाल में पोस्ट कर कहा कि “मेरे खिलाफ झूठी एफआईआर हो गई है। हर जोर जुल्म के टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है”

पार्टी में चला उठापटक का दौर

रायगढ़ भाजपा में बीते 15 दिनों से उठापटक का दौर चलता रहा । इस्तीफा, निष्कासन, पार्टी की ही महिला कार्यकर्ता के द्वारा पार्टी के नेताओं पर गंभीर आरोप, प्रेस कॉन्फ्रेंस का सिलसिला भी चला। इन सबके बीच सबसे बड़ी खबर यह सामने आई कि भाजपा जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल के खिलाफ पार्टी की ही महिला कार्यकर्ता छेड़खानी की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची। अब FIR के बाद जिला भाजपा में काफी हलचल देखने को मिल रही है। पार्टी में हुए घटनाक्रम पर जरा नजर डालिये :

रायगढ़ शहर की पूर्व मंडल मंत्री शकुंतला रतेरिया को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया। दरअसल कुछ दिनों पूर्व छेड़छाड़ और अश्लीलता के मामले में भाजपा रायगढ़ नगर मंडल के ज्ञानेश्वर सिंह गौतम ने इस्तीफा दिया था और उनका इस्तीफा कबूल कर लिया गया। इसके साथ ही नगर मंडल की पूरी कार्यकारिणी भंग कर दी गई। बाद में रायगढ़ शहर पूर्व मंडल मंत्री शकुंतला रतेरिया को संगठन के विरुद्ध सोशल मीडिया एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से लगातार बयान बाजी करने व भाजपा की छवि धूमिल करने के कारण पार्टी ने अनुशासन भंग करने का आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

उधर भाजपा नेत्रियों द्वारा छेड़छाड़ की पार्टी के मंच पर की गई शिकायतों के बाद उमेश अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कहा कि "मैंने कोर्ट में दोनों आवेदिका के खिलाफ परिवाद पत्र दायर किया है। यदि मेरे विरुद्ध कोर्ट में आरोप प्रमाणित हो जाता है, तो मैं राजनीतिक जीवन से संन्यास ले लूंगा।

इधर पीड़िता ने उमेश अग्रवाल को ललकारा। पार्टी की ही एक युवा नेत्री के द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत कोतवाली थाने में दी गई। उसने मीडिया को एक बयान दिया, जिसमें उसने जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल को ललकारते हुए कहा कि "मेरी जैसी 22 साल की उम्र की लड़की से उमेश अग्रवाल जी को इतना डर हो गया है, जो वे सोशल मीडिया में खुलेआम लिख रहे हैं कि जिस में दम है वह थाने जाकर FIR कर दे। और उनके जो दो चार चमचे हैं, वह भी मेरे लिए ही लिख रहे हैं। बस मेरा नाम तो लिख नहीं सकते। मुझे उनसे कोई डर नहीं है। पिछले बार वह मुझे धमकी दिए थे लेकिन इस बार उनकी धमकी से मैं नहीं डरने वाली। मैं अपनी इज्जत के लिए व सम्मान के लिए लड़ रही हूं। मुझे किसी नेता से या किसी से डरने की जरूरत नहीं है।

उमेश के बचाव में आईं चंद महिला नेत्रियां

भाजपा की युवा महिला नेत्री की लिखित शिकायत के बाद निष्पक्ष जांच की मांग लेकर नेता प्रतिपक्ष पूनम सोलंकी कुछ महिला कार्यकर्ताओं के साथ सिटी कोतवाली पहुंची। पूनम ने कहा कि लगातार 15 दिनों से भारतीय जनता पार्टी की छवि को धूमिल करने का जो विफल प्रयास किया जा रहा है, तो हम सभी भाजपा के कार्यकर्ता एकजुट होकर षड्यंत्र को नाकाम करने के लिए आज थाने आये है। हमने यहां एक ज्ञापन सौंपा है। जिसके तहत हमने यह मांग की है कि जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, हमारे जिलाध्यक्ष के ऊपर, भारतीय जनता पार्टी के ऊपर, उसकी निष्पक्ष जांच हो। और जो भी दोषी हो, चाहे वह कोई भी हो, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, लेकिन कोई निर्दोष बेगुनाह इस जगह बलि का बकरा ना बने। हमने टीआई को ज्ञापन देकर उनसे आश्वासन लिया है।

इस तरह उमेश अग्रवाल को बचाने के सारे प्रयास विफल हो गए और आखिरकार उनके खिलाफ FIR दर्ज कर लिया गया। इस मामले को लेकर अब भाजपा का क्या रुख है इस सवाल पर भाजपा के प्रवक्ता नलिनेष ठोकने ने कहा कि 'आज सारे नेता खैरागढ़ चुनाव में व्यस्त हैं, कल-परसों जब भी व्यस्तता कुछ कम होगी संगठन के नेता इस मामले में कार्रवाई को लेकर विचार करेंगे।'

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू और वॉट्सएप, पर
…

The Rural Press ब्यूरो
लेखक / पत्रकार:

The Rural Press ब्यूरो

सम्पादकीय डेस्क (The Rural Press Editorial Team)

The Rural Press की विशेष सम्पादकीय एवं ग्रामीण खोजी पत्रकारिता टीम। जमीनी मुद्दों, कृषि संकट और निष्पक्ष जनसरोकार की विश्वसनीय रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन