टीआरपी डेस्क। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रेव पार्टियों में सांपों के जहर की सप्लाई के गंभीर आरोप से घिरे यू-ट्यूबर एल्विश यादव से गुरुवार को आठ घंटे लंबी पूछताछ की। एल्विश से गायक फाजिलपुरिया के गाने में प्रयुक्त सांपों को लेकर भी कई बार सवाल किया गया पर वह चुप्पी साधे रहा।

ईडी ने इससे पूर्व अगस्त माह में दो बार एल्विश से लंबी पूछताछ की थी। अब उसके विरुद्ध कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल किए जाने की तैयारी है। सूत्रों का कहना है कि एल्विश व गायक फाजिलपुरिया की संपत्तियां जब्त किए जाने की भी तैयारी है। इसके लिए ईडी ने यू-ट्यूब से फाजिलपुरिया व एल्विश की कमाई को लेकर जानकारी भी जुटाई है। फाजिलपुरिया के जिस गाने में सांप दर्शाए गए थे, उस गाने से लगभग 50 लाख रुपये की कमाई हुई थी। ईडी ने आठ जुलाई को गायक फाजिलपुरिया से भी लंबी पूछताछ की थी।

ईडी ने तीन दिन पूर्व भी एल्विश को पूछताछ के लिए बुलाया था पर उसने आने में असमर्थता जताते हुए समय मांगा था। एल्विश गुरुवार सुबह ईडी कार्यालय पहुंचा, जहां शाम सात बजे तक उससे कई बिंदुओं पर पूछताछ हुई। आय व संपत्तियों के बारे में भी सवाल-जवाब हुए। वहीं, हरियाणा के गायक फाजिलपुरिया को लेकर भी कुछ सवाल किए गए। फाजिलपुरिया अपने एक गाने में गले में सांप टांगे भी नजर आए थे।

ईडी की जांच में सामने आया था कि सांप एल्विश ने उपलब्ध कराए थे। गौतमबुद्धनगर में नवंबर 2023 में रेव पार्टियों में सांपों के जहर की सप्लाई किए जाने को लेकर एफआइआर दर्ज कराई गई थी। ईडी ने एफआइआर को आधार बनाकर मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की थी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।