Raipur job fair 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आगामी 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का विशाल आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवाओं को सीधे ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे।
इस मेले में अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं की ओर से कुल 8,720 पदों के लिए अवसर जुटाए जा चुके हैं।
10वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर युवाओं को अवसर
इस राज्यस्तरीय रोजगार मेले में हर स्तर की शैक्षणिक योग्यता वाले युवाओं के लिए नौकरियां मौजूद रहेंगी। 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग और स्नातकोत्तर (Post Graduate) डिग्री धारक युवा भी इस आयोजन में भाग लेकर अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार हासिल कर सकते हैं।
14 से अधिक सेक्टर्स में मिलेंगी नौकरियां
आयोजन में विभिन्न राष्ट्रीय व स्थानीय कंपनियों के माध्यम से कई तकनीकी व गैर-तकनीकी क्षेत्रों में नौकरियां दी जाएंगी। मुख्य रूप से मैन्युफैक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, सेल्स एवं मार्केटिंग, बैंकिंग एवं फाइनेंस, ऑफिस वर्क, मानव संसाधन (HR), कस्टमर सर्विस, हेल्थ एंड केयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी सेक्टर्स में पद उपलब्ध रहेंगे।
ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य
रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक युवाओं के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ राज्य के आधिकारिक ई-रोजगार पोर्टल [https://www.erojgar.cg.gov.in/](https://www.erojgar.cg.gov.in/) पर जाकर अपनी आवश्यक शैक्षणिक जानकारी दर्ज कर पंजीयन करा सकते हैं।



