Hartalika Teej Makeup Tips: हरतालिका तीज पर ट्रेडिशनल ड्रेस, ज्वेलरी और पूरा श्रृंगार लुक को खास बनाता है। लेकिन कई बार सब कुछ सही होने के बाद भी चेहरा वैसा अपीलिंग नहीं लगता, जैसा आप चाहती हैं। इसकी एक वजह मेकअप का सही तरीके से न किया जाना हो सकती है।
तीज के लिए मेकअप करते समय स्किन को हाइड्रेट रखने से लेकर नेचुरल बेस, आई मेकअप, ब्लश, हाईलाइटर और लिपस्टिक तक हर स्टेप का ध्यान रखना जरूरी है। आइए जानते हैं हरतालिका तीज के लिए मेकअप करने का आसान तरीका।
सबसे पहले स्किन को करें हाइड्रेट
मेकअप शुरू करने से पहले चेहरे को अच्छी तरह साफ करें। इसके लिए अच्छे फेसवॉश का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके बाद अपनी स्किन टाइप के अनुसार मॉयश्चराइजर लगाएं। इससे स्किन हाइड्रेट रहेगी और मेकअप के बाद चेहरा पैची नजर आने की संभावना कम होगी। अगर आपकी स्किन बहुत ऑयली है तो हल्का जेल-बेस्ड मॉयश्चराइजर चुन सकती हैं। वहीं ड्राय स्किन वाली महिलाएं ज्यादा हाइड्रेटिंग मॉयश्चराइजर इस्तेमाल कर सकती हैं। मॉयश्चराइजर के बाद प्राइमर लगाएं। इससे मेकअप को लंबे समय तक टिकाए रखने में मदद मिलती है।
नेचुरल रखें मेकअप बेस
फेस्टिव मेकअप में बेस ऐसा होना चाहिए जो चेहरे पर बहुत ज्यादा लेयर्ड न लगे। इसलिए फाउंडेशन की बहुत ज्यादा परतें लगाने के बजाय हल्का और नेचुरल बेस तैयार करें। फाउंडेशन का शेड अपनी स्किन टोन को ध्यान में रखकर चुनें। इसके बाद डार्क सर्कल्स, दाग-धब्बों या पिंपल मार्क्स को छिपाने के लिए कंसीलर लगाएं। फिर हल्के हाथों से कॉम्पैक्ट या सेटिंग पाउडर लगाकर बेस को सेट करें। फाउंडेशन का कलर चेहरे और गर्दन से अलग नजर नहीं आना चाहिए। सही शेड चुनने से मेकअप ज्यादा नेचुरल दिखाई देता है।
ट्रेडिशनल ड्रेस के हिसाब से करें आई मेकअप
तीज के मेकअप में आंखों का मेकअप लुक खास बनाया सकता है। इसलिए अपनी ट्रेडिशनल ड्रेस के अनुसार आईशैडो का चुनाव करें। सबसे पहले आंखों पर न्यूड या लाइट ब्राउन बेस लगाएं। इसके बाद अपनी पसंद का शिमरी या मैट आईशैडो लगाकर फेस्टिव टच दें। अगर आप सिंपल लुक चाहती हैं तो गोल्डन शिमर के साथ पतला आईलाइनर भी अच्छा विकल्प हो सकता है। तीज के लिए कॉपर, ब्रॉन्ज, पिंक और रोज गोल्ड जैसे आईशैडो कलर भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
गालों पर ब्लश लगाना न भूलें
आई मेकअप के बाद गालों पर ब्लश लगाएं। इससे चेहरा ताजगी भरा दिखाई देता है। तीज के लुक के लिए पीच, रोज पिंक या सॉफ्ट बेरी शेड के ब्लश अच्छे विकल्प हो सकते हैं। ब्लश लगाते समय मात्रा का ध्यान रखें। बहुत ज्यादा ब्लश लगाने से लुक नेचुरल नहीं लगेगा। इसे हल्के हाथों से लगाकर गालों को नैचुरल टच दें।
हाईलाइटर से पाएं फेस्टिव ग्लो
ब्लश के बाद चेहरे पर हल्का फेस्टिव ग्लो देने के लिए हाईलाइटर लगाया जा सकता है। इसे गालों के ऊपरी हिस्से, नाक की ब्रिज, आईब्रो बोन और क्यूपिड्स बो पर हल्के हाथों से लगाएं। हाईलाइटर का इस्तेमाल कम मात्रा में करें। बहुत ज्यादा हाईलाइटर लगाने से मेकअप नेचुरल नजर नहीं आएगा।
लिपस्टिक के शेड का भी रखें ध्यान
फेस्टिव लुक के साथ ब्राइट शेड की लिपस्टिक अच्छी लग सकती है। आप मैरून, रेड या डार्क पिंक जैसे शेड चुन सकती हैं। अगर मेकअप हैवी रखना है तो लिपस्टिक के लाइट शेड भी चुने जा सकते हैं। पिंक, पीच और सॉफ्ट पिंक जैसे कलर चेहरे को आकर्षक लुक दे सकते हैं।
हरतालिका तीज पर मेकअप करते समय सबसे जरूरी है कि हर स्टेप को अपनी स्किन और आउटफिट के हिसाब से संतुलित रखा जाए। नेचुरल बेस, आंखों का आकर्षक मेकअप, हल्का ब्लश, सीमित हाईलाइटर और सही लिपस्टिक शेड के साथ तीज का ट्रेडिशनल लुक पूरा किया जा सकता है।



