Remove Nail Polish Without Remover: नेल पॉलिश लगाने से हाथों और नाखूनों की खूबसूरती बढ़ जाती है। अलग-अलग रंग और डिजाइन अब फैशन का हिस्सा हैं। पार्टी, त्योहार या रोजमर्रा के लुक के लिए महिलाएं अपनी पसंद की नेल पॉलिश लगाती हैं।
लेकिन कई बार इसे हटाने की जरूरत पड़ती है और घर में नेल पॉलिश रिमूवर खत्म हो जाता है। ऐसी स्थिति में परेशान होने की जरूरत नहीं है। घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद से आप आसानी से पॉलिश हटाने की कोशिश कर सकती है। आइए जानते हैं इसे हटाने कुछ आसान टिप्स।
अल्कोहल बेस्ड सैनिटाइजर आएगा काम
अगर घर में अल्कोहल बेस्ड हैंड सैनिटाइजर है, तो उसकी थोड़ी मात्रा कॉटन पर लें। इसे नाखून पर धीरे-धीरे लगाएं। कुछ देर कॉटन को नाखून पर रखने के बाद हल्के हाथों से पोंछने की कोशिश करें। अल्कोहल कुछ प्रकार की नेल पॉलिश को नरम करने में मदद कर सकता है। पॉलिश हटाने के बाद हाथ धो लें। इसके बाद मॉइस्चराइजर या क्यूटिकल ऑयल लगाया जा सकता है।
परफ्यूम से भी कर सकती हैं कोशिश
कुछ परफ्यूम में अल्कोहल मौजूद होता है। इसलिए यह नेल पॉलिश को ढीला करने में मदद कर सकता है। कॉटन पैड पर थोड़ी मात्रा में परफ्यूम स्प्रे करें और इसे कुछ सेकंड नाखून पर रखें। इसके बाद धीरे-धीरे पॉलिश साफ करने की कोशिश करें। लेकिन यह तरीका त्वचा में जलन पैदा कर सकता है। संवेदनशील त्वचा वालों को इसका इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतनी चाहिए।
पुरानी नेल पॉलिश पर लगाएं नया कोट
नेल पॉलिश हटाने के लिए एक और तरीका आजमाया जा सकता है। पुरानी पॉलिश के ऊपर उसी या किसी दूसरी नेल पॉलिश का नया कोट लगाएं। इसे सूखने से पहले कॉटन पैड की मदद से तुरंत पोंछ दें। नया कोट पुरानी पॉलिश को कुछ हद तक नरम कर सकता है। इससे उसे हटाना आसान हो सकता है। जरूरत पड़ने पर इस प्रक्रिया को दोहराया जा सकता है।
गर्म पानी और साबुन भी कर सकते हैं मदद
अगर नाखूनों पर नेल पॉलिश की परत बहुत मोटी नहीं है, तो हाथों को कुछ देर गुनगुने पानी और साबुन में भिगोकर रखें। इससे पॉलिश थोड़ी नरम हो सकती है। इसके बाद मुलायम कपड़े या कॉटन से हल्के हाथों से साफ करने की कोशिश करें। नाखूनों को खुरचने या किसी नुकीली चीज से पॉलिश निकालने से बचें।
इन चीजों का इस्तेमाल न करें
नेल पॉलिश हटाने के लिए तेज रसायन, ब्लीच या दूसरे कठोर क्लीनिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इनसे नाखून और उसके आसपास की त्वचा को नुकसान हो सकता है। पॉलिश हटाने के बाद हाथों और नाखूनों पर मॉइस्चराइजर या क्यूटिकल ऑयल लगाना बेहतर रहेगा। अगर नाखून कमजोर, पीले या दर्दनाक हो रहे हैं, तो कुछ समय के लिए नेल पॉलिश से ब्रेक लेना बेहतर है।
नियमित इस्तेमाल के लिए क्या करें?
अगर अचानक नेल पॉलिश रिमूवर खत्म हो जाए, तो घर में मौजूद कुछ चीजों से अस्थायी तौर पर काम चलाया जा सकता है। हालांकि, नियमित इस्तेमाल के लिए उपयुक्त नेल पॉलिश रिमूवर का इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प रहेगा। साथ ही नाखूनों को खुरचकर पॉलिश हटाने से बचना चाहिए।


