Police force and administrative officials deployed outside the hospital following the liquor incident in Banda, Sagar.
Police force and administrative officials deployed outside the hospital following the liquor incident in Banda, Sagar.

MP spurious liquor deaths: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में कथित जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। 5 सितंबर की रात शराब पीने के बाद बंडा और आसपास के गांवों में कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी।

आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं और आबकारी एक्ट की धारा 49-A के तहत मामला दर्ज कर पुलिस अब शराब के निर्माण, मिलावट और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।

20 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज

नौराज गांव के 52 वर्षीय अनूप सिंह लोधी की शिकायत पर बंडा थाने में यह कार्रवाई की गई है। एफआईआर में जुझार लोधी, दिनेश लोधी, सौरभ लोधी, गोविंद लोधी, मनोहर लोधी, यशवंत सिंह, मनीष लोधी, आशीष साहू, आकाश राय, रहीम खान, सत्यम, आशाराम, अरविंद, रविंद्र, रोहित, माखन, अनिकेत गंधर्व, मंगल रजक, विशाल लोधी और राजा सिंह को नामजद किया गया है। शिकायत में आरोप है कि क्षेत्र में सस्ती और मिलावटी शराब को चोरी-छिपे ब्रांडेड बताकर बेचा जा रहा था।

ट्रायल के नाम पर बेची गई संदिग्ध शराब

शिकायतकर्ता के अनुसार, 4 सितंबर की शाम उनका भतीजा राजेंद्र सिंह लोधी जुझार लोधी की दुकान पर गया था। वहां उसे नए ब्रांड का झांसा देकर 70 रुपये में देशी शराब का क्वार्टर बेचा गया। शराब पीने के बाद राजेंद्र की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसे पहले बंडा अस्पताल और फिर सागर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आबकारी और पुलिस अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई

घटना के बाद राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई की है। सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा क्षेत्र की आबकारी उप निरीक्षक प्रोशनी उरेती को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा उपायुक्त नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर अटैच किया गया है, जबकि बंडा थाना प्रभारी और गूगरा चौकी प्रभारी को भी निलंबित किया गया है।

84 मरीजों का इलाज जारी, एक एयरलिफ्ट

मामले में अब तक 84 लोगों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। इनमें से 59 मरीज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, 17 जिला चिकित्सालय और 7 बंडा सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। एक गंभीर मरीज को एयरलिफ्ट करके एम्स भोपाल भेजा गया है। देर रात बंडा पहुंचे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

6 हजार लीटर अवैध शराब जब्त

मामले के बाद सागर जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। प्रशासन की ओर से अब तक करीब 6 हजार लीटर अवैध शराब जब्त की गई है और 20 से 25 लोगों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है। पुलिस अब शराब के मुख्य स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

5 FAQs (अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न)

प्रश्न 1: सागर जिले के किस क्षेत्र में यह शराब कांड हुआ है?

उत्तर: यह घटना सागर जिले के बंडा क्षेत्र और उसके आसपास के गांवों में हुई है।

प्रश्न 2: मामले में कितने लोगों की जान गई है और कितने लोग उपचाराधीन हैं?

उत्तर: घटना में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 84 मरीजों का इलाज चल रहा है।

प्रश्न 3: पुलिस ने इस मामले में कितने लोगों पर नामजद FIR दर्ज की है?

उत्तर: पुलिस ने नौराज गांव निवासी अनूप सिंह की शिकायत पर 20 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है।

प्रश्न 4: प्रशासन ने आबकारी विभाग के किन अधिकारियों को निलंबित किया है?

उत्तर: सहायक आयुक्त आबकारी कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और उप निरीक्षक प्रोशनी उरेती को निलंबित किया गया है।

प्रश्न 5: गंभीर रूप से बीमार मरीज को कहां और कैसे भेजा गया?

उत्तर: एक अति गंभीर मरीज को एयरलिफ्ट करके बेहतर इलाज के लिए एम्स (AIIMS) भोपाल भेजा गया है।