टीआरपी डेस्क। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दोनों चरणों का रण अब खत्म हो चुका है। पहले चरण में जहां 93.19% की ऐतिहासिक वोटिंग ने सबको हैरान किया, वहीं दूसरे चरण में भी करीब 91.66% मतदाताओं ने पोलिंग बूथ पर पहुंचकर नया रिकॉर्ड बना दिया है। रायपुर से लेकर दिल्ली तक के गलियारों में अब बस एक ही चर्चा है इतनी भारी वोटिंग किसके पक्ष में जाएगी? क्या ममता बनर्जी अपनी लक्ष्मी भंडार योजना के दम पर वापसी करेंगी या बीजेपी का सोनार बांग्ला का नारा कमाल दिखाएगा?

भवानीपुर में कांटे की टक्कर: सुवेंदु बोले- परिवर्तन तय

इस चुनाव का सबसे बड़ा केंद्र भवानीपुर रहा, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी के बीच सीधी भिड़ंत है। टीम जब ग्राउंड पर पहुंची, तो वहां का माहौल काफी तनावपूर्ण दिखा। सुवेंदु अधिकारी ने मतदान के बाद दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है और इस बार भवानीपुर से ही दीदी की विदाई शुरू होगी। वहीं, ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है, लेकिन बंगाल की जनता डरने वाली नहीं है।

See also  वायुसेना के पूर्व प्रमुख आरकेएस भदौरिया भाजपा में शामिल

बमबाजी और हिंसा के बीच भी नहीं थमे कदम

दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान के दौरान बंगाल के कई हिस्सों से हिंसा की खबरें आईं। नदिया के चापरा और दक्षिण 24 परगना के भांगड़ में जबरदस्त झड़पें हुईं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कई जगहों पर बमबाजी और पोलिंग एजेंटों को डराने-धमकाने की शिकायतें मिली हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने करीब 2400 कंपनियों की तैनाती कर सुरक्षा के पुख्ता दावे किए थे। भारी सुरक्षा बलों की मौजूदगी ने शायद लोगों को घर से निकलने का हौसला दिया, जिसका नतीजा रिकॉर्ड मतदान के रूप में सामने है।

महिला वोटर बनीं गेम चेंजर?

ग्राउंड रिपोर्टिंग के दौरान एक बात साफ दिखी इस बार पोलिंग बूथों पर महिलाओं की लंबी कतारें थीं। एक तरफ ममता बनर्जी की कल्याणकारी योजनाएं हैं, तो दूसरी तरफ आरजी कर कांड के बाद महिला सुरक्षा का बड़ा मुद्दा। पानिहाटी में जिस तरह का जनाक्रोश दिखा, उसने साफ कर दिया है कि बंगाल की नारी अब सिर्फ लाभार्थी नहीं बल्कि एक निर्णायक की भूमिका में है। क्या ये महिलाएं दीदी का साथ देंगी या सुरक्षा और न्याय के लिए बीजेपी के पक्ष में बटन दबाएंगी, यही इस चुनाव का सबसे बड़ा सस्पेंस है।

See also  Big News : पूर्व भारतीय क्रिकेटर राहुल द्रविड़ होंगे BJP में शामिल! 1 तीर से सधेंगे 2 निशाने

4 मई को खुलेगा किस्मत का पिटारा

अब सबकी नजरें 4 मई की सुबह पर टिकी हैं। बंगाल की 294 सीटों का फैसला उस दिन होगा। एग्जिट पोल के आंकड़े भी दोफाड़ नजर आ रहे हैं कोई बीजेपी को बढ़त दे रहा है तो कोई टीएमसी की वापसी की भविष्यवाणी कर रहा है। लेकिन एक बात तो तय है, बंगाल ने इस बार लोकतंत्र के उत्सव में हिस्सा लेकर यह साबित कर दिया है कि असली ताकत जनता के हाथ में ही है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।