नई दिल्ली। Abhijit Dipke News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दिपके का शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में निधन हो गया। यह दुखद खबर तब आई जब अभिजीत दिपके खुद दिल्ली पुलिस की हिरासत में थे।
वह पार्टी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। ऐसे में परिवार के सामने सबसे बड़ा सवाल यह था कि अभिजीत अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव पहुंच पाएंगे या नहीं।
दिल्ली पुलिस की हिरासत में क्यों हैं अभिजीत दिपके?
अभिजीत दिपके कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक हैं। वह शनिवार को मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे। उनका उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होना था।
यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित करने की योजना थी। प्रदर्शन के जरिए चुनावी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई जानी थी।
बता दें आज सुबह, दिल्ली पहुंचने पर अभिजीत दिपके को पार्टी के अन्य नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका के साथ पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
हिरासत में दी गई दादी के निधन की सूचना
अभिजीत दिपके की दादी के निधन की सूचना दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत के दौरान दी। रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस की ओर से मानवीय आधार पर उन्हें घर लौटकर अंतिम संस्कार में शामिल होने का सुझाव दिया गया है। अब अभिजीत के सामने यह विकल्प था कि वह हिरासत में रहते हुए अपना विरोध जारी रखें या अंतिम संस्कार के लिए घर लौटें।
पिछले 20-25 दिनों से दादी से नहीं मिले थे अभिजीत
परिवार से जुड़ी जानकारी के अनुसार, अभिजीत दिपके पिछले 20 से 25 दिनों से अपनी दादी से नहीं मिल पाए थे। उन्होंने 15 अगस्त को हिंगोली जिले में अपने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के दौरान दादी से मुलाकात की थी। इसके बाद भी उनकी एक मुलाकात हुई थी।
दादी के निधन के समय अभिजीत का दिल्ली में हिरासत में होना परिवार के लिए मुश्किल परिस्थिति बन गया। अब सबकी नजर इस बात पर है कि अभिजीत दिपके अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी पहुंचकर अंतिम संस्कार में शामिल हो पाते हैं या नहीं।



