टीआरपी डेस्क। लोकसभा चुनाव 2024 में कुल वोटों और गिने गए वोटों में 538 सीटों पर भारी अंतर पाया गया है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) के अनुसार, 362 सीटों पर कुल 5,54,598 वोट कम गिने गए हैं। वहीं, 176 सीटों पर कुल वोटों से 35,093 ज्यादा वोट गिने गए हैं। इस तरह, कुल 538 सीटों पर 5,89,691 वोटों का अंतर पाया गया है।

ADR के संस्थापक जगदीप छोकर ने चुनाव परिणामों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को सीट और मतदान केंद्र वार आंकड़े जारी करने में देरी और पारदर्शिता की कमी के कारण संदेह उत्पन्न हो रहे हैं। छोकर ने यह भी कहा कि यदि इन सवालों के जवाब नहीं दिए गए तो चुनाव परिणामों पर संदेह बना रहेगा।

ADR की रिपोर्ट में कहा गया है कि चुनाव आयोग अभी तक अंतिम और प्रमाणिक गिनती के आंकड़े जारी करने में असफल रहा है। ईवीएम में डाले गए वोट और गिने गए वोटों के बीच के अंतर को समझाने में भी विफल रहा है। इसके अलावा, वोट प्रतिशत बढ़ने की वजह और वेबसाइट से कुछ डेटा हटाने के सवालों के जवाब भी नहीं दिए गए हैं।

चुनाव आयोग ने 2024 लोकसभा चुनाव में कुल 65.79% मतदान दर्ज किया है, जो 2019 के 67.40% से 1.61% कम है। असम में सबसे अधिक 81.56% मतदान हुआ, जबकि बिहार में सबसे कम 56.19%। इस बार, 64.2 करोड़ मतदाताओं ने वोट डाला, जो 2019 के 61.5 करोड़ से अधिक है।

बता दें कि 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 240 सीटें जीती हैं, जो बहुमत के आंकड़े (272) से 32 सीटें कम हैं। हालांकि, NDA ने 293 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं, कांग्रेस को 99 सीटें और I.N.D.I.A. ब्लॉक को 234 सीटें मिली हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।