Bengaluru Airport UDF: बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। एयरपोर्ट इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी (AERA) ने 1 सितंबर 2026 से एयरपोर्ट के यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF) में बड़ी कटौती की है। घरेलू यात्रियों के लिए UDF 550 रुपये से घटाकर 300 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 1,500 रुपये से घटाकर 997 रुपये कर दिया गया है।
घरेलू यात्रियों के UDF में करीब 45 फीसदी और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के UDF में 34 फीसदी की कमी की गई है। खास बात यह है कि नई दरें बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (BIAL) की ओर से प्रस्तावित शुल्क से भी कम हैं।
घरेलू यात्रियों को सबसे ज्यादा राहत
AERA ने मार्च 2031 तक घरेलू यात्रियों के लिए प्रति यात्री UDF 300 रुपये तय किया है। मौजूदा 550 रुपये के मुकाबले यह 250 रुपये कम है। BIAL ने घरेलू यात्रियों के लिए 450 रुपये UDF प्रस्तावित किया था। लेकिन AERA ने उससे भी कम शुल्क निर्धारित किया है। यानी प्रस्तावित दर की तुलना में भी यात्रियों को राहत मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नया UDF 997 रुपये तय किया गया है। अभी यह शुल्क 1,500 रुपये है। BIAL ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 1,215 रुपये शुल्क प्रस्तावित किया था।
1 सितंबर से लागू होंगी नई दरें
संशोधित UDF दरें 1 सितंबर 2026 से लागू होंगी। इसके बाद बेंगलुरु एयरपोर्ट से घरेलू उड़ान लेने वाले यात्रियों को 300 रुपये UDF देना होगा। वहीं, अंतरराष्ट्रीय उड़ान के यात्रियों के लिए यह शुल्क 997 रुपये होगा। AERA ने यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नई शुल्क व्यवस्था लागू की है। इस व्यवस्था का उद्देश्य नई परियोजनाओं के पूरी तरह शुरू होने से पहले यात्रियों पर अतिरिक्त शुल्क का बोझ डालने से बचना है।
नई परियोजनाएं शुरू होने पर ही बढ़ेगा शुल्क
AERA ने पहली बार वृद्धिशील ARR ढांचा लागू किया है। इसके तहत यात्रियों से नई एयरपोर्ट परियोजनाओं का शुल्क तभी लिया जाएगा, जब संबंधित परियोजनाएं पूरी होकर चालू हो जाएंगी। इसमें टर्मिनल 2 फेज 2 और उससे जुड़ी एयरसाइड तथा लैंडसाइड सुविधाएं शामिल हैं। इस व्यवस्था से यात्रियों पर ऐसी परियोजनाओं का वित्तीय बोझ पहले से नहीं डाला जाएगा, जो अभी पूरी नहीं हुई हैं।
अगस्त 2029 तक रहेंगी मौजूदा दरें
BIAL के प्रवक्ता के मुताबिक, संशोधित दरें अगस्त 2029 तक लागू रहेंगी। इसके बाद टर्मिनल 2 फेज 2 और उससे संबंधित एयरसाइड और लैंडसाइड सुविधाओं सहित प्रमुख परियोजनाओं के पूरा होने के आधार पर दरों में बदलाव किया जाएगा। इस तरह बेंगलुरु एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों को फिलहाल UDF में बड़ी राहत मिलने जा रही है। घरेलू यात्रियों के लिए शुल्क में 250 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 503 रुपये की कमी की गई है।


