3 students die, 3 in critical condition after venomous snake bite in hostel
3 students die, 3 in critical condition after venomous snake bite in hostel

Venomous snake enters hostel: छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा के पास गढ़चिरौली जिले के धनोरा तहसील में स्थित एक शासकीय कन्या छात्रावास में आधी रात को जहरीले सांप के काटने से बड़ा हादसा हो गया। हॉस्टल में सो रही 6 छात्राओं को सांप ने डस लिया, जिनमें से 3 की मौत हो गई। बाकी 3 छात्राओं की हालत अभी भी गंभीर है।

यह घटना धनौरा तालुका के जपटलाई गांव में कुम्परलिंगो कल्चरल एजुकेशनल रिसर्च सोसाइटी द्वारा संचालित आवासीय स्कूल आश्रम के हॉस्टल में हुई।

एक कमरे में सो रही थी 79 छात्राएं, अचानक घुस आया सांप

जानकारी के मुताबिक, घटना 10 अगस्त की रात करीब 2 बजे की है। छात्रावास के एक कमरे में करीब 79 छात्राएं सो रही थीं। इसी दौरान अचानक कमरे में सांप घुस गया और कुछ छात्राओं को उसने काट लिया। घटना के बाद छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई। सर्पदंश से प्रभावित 6 छात्राओं को तत्काल धानोरा के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

इलाज के दौरान 3 छात्राओं की मौत

अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज शुरू किया गया, लेकिन तीन छात्राओं की हालत ज्यादा गंभीर थी। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक छात्राएं:

  • दीपिका लकड़ा – कक्षा 6वीं
  • सुष्मिता मंडल – कक्षा 8वीं
  • अनु कोरेटी – जूनियर कक्षा

गंभीर हालत में भर्ती छात्राएं:

  • दीपिका मदावी – कक्षा 5वीं
  • कविता किरंगा – कक्षा 6वीं
  • समृद्धि नैताम – कक्षा 8वीं

इन तीनों का इलाज गढ़चिरौली जिला अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक समृद्धि नैताम पर जहर का असर सबसे ज्यादा है और उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

CM फडणवीस ने जताया दुख, जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र CM देवेंद्र फडणवीस ने दुख जताया और अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट मांगी है। आदिवासी विकास मंत्री अशोक उइके ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को मौके पर भेजा है।

पुलिस हॉस्टल पहुंचकर जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई और सांप किस रास्ते से हॉस्टल में घुसा।

हॉस्टल की सुरक्षा पर उठे सवाल

एक साथ 6 छात्राओं के सर्पदंश का शिकार होने और 3 की मौत के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हॉस्टल में सांप को रोकने के क्या इंतजाम थे, इसकी जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद छात्राओं और परिजनों में दहशत का माहौल है। पूरे इलाके में शोक की स्थिति है।

फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिन आदिवासी छात्राओं को सुरक्षित माहौल में शिक्षा मिलनी चाहिए थी, उनकी सुरक्षा में आखिर चूक कहां हुई? तीन छात्राओं की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और अब परिजनों के साथ-साथ नागरिकों की नजर प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

FAQ: गढ़चिरौली हॉस्टल सर्पदंश मामला

घटना कहां हुई?

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के धनोरा तहसील के जपटलाई स्थित शासकीय कन्या छात्रावास में।

कितनी छात्राओं को सांप ने काटा?

कुल 6 छात्राओं को, जो 5वीं से 8वीं तक की थीं।

कितनों की मौत हुई?

3 छात्राओं की इलाज के दौरान मौत हो गई।

किनकी हालत गंभीर है?

3 छात्राएं अभी गढ़चिरौली अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें एक की हालत नाजुक है।

सरकार ने क्या कदम उठाए?

CM फडणवीस और मंत्री अशोक उइके ने दुख जताकर जांच के आदेश दिए हैं।