Gujarat Bomb Threat: गुजरात में सोमनाथ मंदिर, भाजपा के कार्यालयों और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। अहमदाबाद पुलिस को मिले एक धमकी भरे ईमेल में गुजरात की कई अहम जगहों पर बम लगाए जाने का दावा किया गया। सूचना मिलते ही गुजरात पुलिस, साइबर क्राइम टीम और बम निरोधक दस्ते ने अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला है।
भाजपा कार्यालयों से सोमनाथ मंदिर तक बढ़ाई गई सुरक्षा
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते ने अहमदाबाद के खानपुर स्थित भाजपा के पुराने कार्यालय की तलाशी ली। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर तैनात की गईं। तलाशी के दौरान अहमदाबाद के मेयर हितेश बरोट और स्थानीय भाजपा नेता भी कार्यालय में मौजूद रहे। इसके अलावा गांधीनगर के कोबा स्थित भाजपा मुख्यालय श्री कमलम की सुरक्षा भी बढ़ाई गई। सोमनाथ मंदिर परिसर में भी सुरक्षा एजेंसियों ने गहन जांच की।
ईमेल में CM और पुलिस को भी निशाना बनाने का दावा
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमकी भरे ईमेल में धार्मिक स्थलों और राजनीतिक नेताओं के अलावा गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में राज्य के पुलिसकर्मियों और देश की खुफिया एजेंसी रॉ को लेकर भी धमकी दी गई है। इसके अलावा ईमेल में देश विरोधी और असामाजिक नारे लिखे होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी।
ACP ने बताया, तलाशी में नहीं मिला बम
अहमदाबाद के ACP अद्वैत गांधी के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे राज्य खुफिया ब्यूरो से खानपुर स्थित भाजपा कार्यालय को धमकी मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को तत्काल मौके पर भेजा गया। BDDS टीम ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी के दौरान कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
साइबर क्राइम टीम खंगाल रही ईमेल की जानकारी
धमकी भरे ईमेल की जांच अब साइबर क्राइम टीम कर रही है। टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके IP Address का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल पुलिस की जांच का फोकस धमकी वाले ईमेल के स्रोत और उसकी विश्वसनीयता का पता लगाने पर है। सुरक्षा के लिहाज से संबंधित स्थानों पर जांच और सतर्कता जारी है।



