टीआरपी डेस्क। दुबई में एयर शो के दौरान आज (शुक्रवार) भारतीय तेजस लड़ाकू विमान हादसे का शिकार हो गया। दुबई वर्ल्ड सेंट्रल में तेजस प्रदर्शन के दौरान डेमो उड़ान भर रहा था, इसी बीच दोपहर 2:10 बजे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि विमान ने अचानक नियंत्रण खो दिया और नीचे की ओर तेजी से गिरते हुए धरती से टकरा गया। टक्कर के बाद जोरदार विस्फोट हुआ और कुछ ही क्षणों में आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया।

हादसा शो के दौरान हुआ, जिसे बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने अपनी आंखों के सामने देखा। महिलाएं और बच्चों सहित कई लोग इस हादसे के बाद स्तब्ध रह गए और स्थिति कुछ देर के लिए बेहद तनावपूर्ण हो गई।

सबसे अहम बात यह कि अभी तक पायलट की सुरक्षा को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्होंने इजेक्ट करने में सफलता पाई या नहीं। स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया।

45 मिनट में आग पर नियंत्रण

दुबई की स्थानीय मीडिया के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद हेलिकॉप्टर्स और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंच गईं। गिरी हुई जगह पर लगी आग को लगभग 45 मिनट में नियंत्रित कर लिया गया। हालांकि, हादसे के बाद पूरे इलाके को घेराबंदी कर दिया गया और वहां किसी को भी जाने की अनुमति नहीं है।

उड़ान प्रदर्शन अस्थायी रूप से रोके गए

एयर शो प्रबंधन ने दुर्घटना वाली साइट को पूरी तरह से सील कर दिया है। सभी उड़ान कार्यक्रमों को अगली सूचना तक रोक दिया गया है। विमान दुर्घटना की जांच शुरू हो गई है और भारतीय अधिकारियों ने भी आवश्यक जानकारी जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

‘द फ्यूचर इज हियर’ थीम वाले इस वर्ष के दुबई एयर शो का यह 19वां संस्करण है, जिसमें 17 से 21 नवंबर तक दुनिया के कई देशों से प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन में 200 से अधिक विमानों को प्रदर्शित किया जा रहा है, जिनमें कमर्शियल एयरक्राफ्ट, मिलिट्री जेट, प्राइवेट जेट, यूएवी और उन्नत एयरोस्पेस तकनीक शामिल हैं।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।