टीआरपी डेस्क। जरा सोचिए, सोमवार की सुबह ऑफिस ट्रैफिक की बजाय आप पहाड़ों की खूबसूरत वादियों में लैपटॉप खोलकर काम कर रहे हों। यह सपना अब हकीकत बना है सिक्किम के याकतेन गांव में, जिसे देश का पहला डिजिटल नोमैड विलेज घोषित किया गया है। हाई-स्पीड इंटरनेट और आरामदायक सुविधाओं के साथ यहां वर्क फ्रॉम हिल्स का नया अनुभव मिलेगा।
सालभर सुहावना रहता है गांव का मौसम
याकतेन का मौसम सालभर सुहावना रहता है। गर्मियों में तापमान करीब 24°C और सर्दियों में 4°C तक रहता है। यहां हाई-स्पीड वाई-फाई, 24 घंटे बिजली और काम करने के लिए आरामदायक स्पेस मौजूद हैं। गांव में 8 होमस्टे और 18 कमरे तैयार हैं। बात अगर यहां के खर्चे की करें तो यहां रहने का खर्च ₹6,000 प्रति हफ्ता या ₹15,000 से ₹18,000 प्रति माह है। लंबे समय तक ठहरने वालों को लोकल कल्चरल एक्टिविटीज का अनुभव भी मिलेगा।
बेहतरीन कनेक्टिविटी
याकतेन में कनेक्टिविटी भी आसान है। यह गंगटोक से सिर्फ 30 km, बागडोगरा एयरपोर्ट से 125 km और न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से 140 km दूर है। टैक्सी के जरिए गांव तक पहुंचना बेहद आसान है। पहले जहां याकतेन इलायची की खेती और सीजनल टूरिज्म पर निर्भर था, अब डिजिटल नोमैड्स के आने से ग्रामीणों की आय सालभर बनी रहेगी। सांसद इंद्रा हैंग सुब्बा ने इसे ‘टूरिज़्म विद पर्पस’ करार दिया है।
यह पहल राज्य सरकार की नोमैड सिक्किम प्रोजेक्ट के तहत शुरू हुई है। स्थानीय NGO का मानना है कि यदि 3 साल का यह पायलट प्रोजेक्ट सफल हुआ तो सिक्किम को साउथ एशिया का डिजिटल नोमैड हब बनाया जा सकता है।


