बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
राष्ट्रीय

मध्य प्रदेश में मधुशालाओं को बनाया जाएगा गौशाला : उमा भारती 

मध्य प्रदेश में मधुशालाओं को बनाया जाएगा गौशाला : उमा भारती 
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

भोपाल। भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने भोपाल के एक मंदिर में अपने चार दिवसीय प्रवास को समाप्त करने से ठीक पहले घोषणा की कि मध्यप्रदेश में नियंत्रित शराब वितरण प्रणाली की अपनी मांग के समर्थन में वह मधुशाला में गौशाला अभियान शुरू करेगी, जिसके तहत वह विशेष रूप से मंदिर एवं विद्यालयों के आसपास वाली मधुशालाओं को गौशालाओं में बदलेगी। भारती ने कहा कि मध्यप्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के पीछे शराब एक कारण है।

पूर्ण शराबबंदी का समर्थन करने वाली भारती लंबे समय से नशामुक्ति को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश की शराब नीति में बदलाव कर नियंत्रित शराब वितरण प्रणाली लागू करने की मांग कर रही हैं। भारती शनिवार दोपहर भोपाल के अयोध्या नगर चौराहे में स्थित एक मंदिर पहुंचीं और उन्होंने घोषणा की कि वह 31 जनवरी को राज्य सरकार की नयी शराब नीति के ऐलान के इंतजार में अगले तीन दिन तक इसी मंदिर में रहेंगी और वहीं बैठकर घोषणा को सुनेंगी।

उन्होंने मंदिर में अपना चार दिवसीय प्रवास समाप्त किया, लेकिन राज्य सरकार ने अपनी शराब नीति की घोषणा आज नहीं की। मंदिर में मीडिया को संबोधित करते हुए भारती ने कहा कि प्रदेश के निवाड़ी जिले स्थित ओरछा के ठीक मुहाने पर राम राजा सरकार के प्रवेश द्वार के ठीक पहले शराब की जो दुकान है, वह अवैध है और विधि विभाग की भूल से उसे अदालत से स्थगन मिल गया है। उन्होंने कहा, मैं आज शाम को ओरछा पहुंचूंगी और इसलिए मैं गुरुवार को  मधुशाला को गौशाला में बदल देना चाहती हूं। यह एक उदाहरण होगा। बाकी मैं नयी शराब नीति की प्रतीक्षा करूंगी। 

उन्होंने कहा कि शराब नीति का इंतजार किए बिना वह नियमों का उल्लंघन कर चल रही शराब की दुकानों को गौशालाओं में बदलना शुरू कर देंगी। भारती ने कहा कि उन्होंने लोगों से 11 गायों की व्यवस्था करने को कहा है, जिन्हें ओरछा में शराब की दुकान पर बांधा जाएगा। उन्होंने कहा कि देखते हैं, कौन मुझे रोकने की हिम्मत करता है? इन गायों को खिलाएंगे और शराब की दुकान पर उनके लिए पानी की व्यवस्था भी करेंगे। भारती ने कहा कि मध्यप्रदेश में शराब नहीं बह सकती, यहां दूध बहेगा और ओरछा की यह घटना इसी का सूचक होगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के पीछे शराब एक कारण है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा प्रदेश में भय, असुरक्षा एवं बीमारियों सबका कारण मुख्य रूप से शराब बनती जा रही है।

uchitsharma
लेखक / पत्रकार:

uchitsharma

विशेष संवाददाता

The Rural Press के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकार से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन