Nitin Nabin Rohtak Padyatra: दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को INDIA गठबंधन की ‘चलो दिल्ली’ महारैली के बीच हरियाणा के रोहतक में बीजेपी ने ‘संविधान बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में हुई इस यात्रा में स्मृति ईरानी, राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
पदयात्रा के दौरान नितिन नबीन ने एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए अपना काफिला रुकवाया। वहीं, जनसभा में उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर सिख विरोधी दंगों, EVM और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर निशाना साधा।
एम्बुलेंस आई तो रुकवा दी पदयात्रा
रोहतक में पदयात्रा के दौरान रास्ते में अचानक एक एम्बुलेंस आ गई। स्थिति को देखते हुए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने तुरंत यात्रा रुकवा दी और कार्यकर्ताओं से एम्बुलेंस को पहले रास्ता देने के लिए कहा। उन्होंने कहा, ‘जाने दीजिए, पहले मरीज जरूरी है।’ नितिन नबीन के इस कदम का वीडियो भी सामने आया है। राजनीतिक कार्यक्रम के बीच एम्बुलेंस को रास्ता देने का यह पल पदयात्रा की प्रमुख चर्चाओं में शामिल रहा।
राहुल गांधी से सिख दंगों पर माफी मांगने की कही बात
पदयात्रा के बाद आयोजित जनसभा में नितिन नबीन ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन देश में सिख विरोधी दंगे हुए थे। नबीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को इस दिन देश से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए थी, लेकिन वे माफी मांगने के बजाय प्रदर्शन कर रहे हैं। EVM और चुनावी हार के मुद्दे पर भी बीजेपी अध्यक्ष ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस किसी राज्य में चुनाव जीतती है तो उसे EVM ठीक लगती है, लेकिन हारने पर पार्टी को ‘वोट चोरी’ और EVM में गड़बड़ी याद आने लगती है। नबीन ने कहा कि बीजेपी लोकतंत्र का सम्मान करती है और जनता की आवाज सुनती रहेगी।
हुड्डा के आवास के सामने से निकली पदयात्रा
रोहतक में बीजेपी की इस पदयात्रा का रूट भी राजनीतिक चर्चा का विषय रहा। यात्रा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास के सामने से होकर गुजरी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उनके घर के सामने मार्च और प्रदर्शन रखा है, इसलिए वह उनका दिल से स्वागत करते हैं। हुड्डा ने यह भी कहा कि ऐसे प्रदर्शनों से जनता का उत्साह कम नहीं होगा, बल्कि दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में और अधिक लोग शामिल होंगे।
जयंत चौधरी और स्मृति ईरानी भी हुए शामिल
पदयात्रा में राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी भी शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा आकार में भले ही छोटा राज्य हो, लेकिन यहां के लोगों ने देशहित में बड़े और ऐतिहासिक काम किए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने की जिम्मेदारी निभाने में हरियाणा आगे रहेगा। हरियाणा की पार्टी प्रभारी स्मृति ईरानी सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और विधायक भी पदयात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान नितिन नबीन, स्मृति ईरानी और प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता एक विशेष रूप से सजाई गई खुली जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए।
बहादुरगढ़ में स्वागत, रोहतक में जनसभा के साथ समापन
रोहतक पहुंचने से पहले बहादुरगढ़ में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नितिन नबीन का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें हरियाणा की परंपरा के प्रतीक के तौर पर पगड़ी और हुक्का भेंट किया गया। इसके बाद नितिन नबीन बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी के हेलीपैड पहुंचे और सीआर पॉलिटेक्निक ग्राउंड से पदयात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा डी-पार्क तक पहुंची, जहां नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया। वीवीआईपी दौरे और पदयात्रा को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक डायवर्जन के इंतजाम किए थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
दिल्ली की महारैली और रोहतक की पदयात्रा से एक ही दिन सियासी हलचल
1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन ने SIR और कथित ‘वोट चोरी’ के विरोध में महारैली आयोजित की। गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई। वहीं, बीजेपी ने रोहतक की पदयात्रा के जरिए विपक्ष के आरोपों का राजनीतिक जवाब दिया।



