टीआरपी डेस्क। Flight Safety Report India: क्या आप जानते हैं कि जिस फ्लाइट में आप सफर कर रहे हैं, उसकी सेहत कैसी है? संसदीय समिति की ताजा रिपोर्ट ने भारतीय एविएशन सेक्टर में हड़कंप मचा दिया है। रिपोर्ट के चौंकाने वाले आंकड़ों के अनुसार, देश की 50 प्रतिशत कमर्शियल फ्लाइट्स तकनीकी दिक्कतों से जूझ रही हैं। पिछले साल हुए ऑडिट में पता चला कि कुल 754 विमानों में से 377 विमानों में बार-बार खराबी पाई गई है।

इंडिगो और एयर इंडिया खतरे की लिस्ट में सबसे ऊपर

संसदीय पैनल ने साफ किया है कि सबसे ज्यादा गड़बड़ियां उन एयरलाइंस में मिली हैं जो देश में सबसे ज्यादा उड़ानें भरती हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो इंडिगो (IndiGo) के 405 विमानों के ऑडिट में से 148 में तकनीकी खराबी मिली। यह लिस्ट में टॉप पर है।

एयर इंडिया (Air India) के 166 उड़ानों की जांच हुई, जिनमें से 137 में बार-बार खराबी देखी गई। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की 101 में से 54 विमानों की हालत खराब मिली।

See also  लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा की कल मैराथन बैठक

हादसों से भी नहीं लिया सबक, पायलट ट्रेनिंग में भारी कमी

गौरतलब है कि पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया हादसे के बाद DGCA ने जांच तेज की थी। रिपोर्ट में पाया गया कि बोइंग 787 और 777 जैसे बड़े विमानों के पायलटों की ट्रेनिंग में गंभीर कमियां हैं। कम से कम 4 इंटरनेशनल फ्लाइट्स ऐसी थीं, जिनमें पर्याप्त केबिन क्रू ही नहीं था। फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन का जमकर उल्लंघन हो रहा है, यानी पायलटों से तय समय से ज्यादा काम लिया जा रहा है।

DGCA खुद बीमार: आधे पद खाली, कौन करेगा निगरानी?

दरअसल, विमानों की निगरानी करने वाली संस्था DGCA खुद स्टाफ की कमी से जूझ रही है। रिपोर्ट के अनुसार विभाग में 48.3 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं। स्टाफ की कमी की वजह से एयरलाइंस की प्रभावी ढंग से मॉनिटरिंग नहीं हो पा रही है। साल 2025 के अंत तक एयरलाइंस को 19 नोटिस भेजे गए, जिनमें कॉकपिट में अनऑथराइज्ड एंट्री और एक्सपायर्ड इमरजेंसी इक्विपमेंट जैसे गंभीर मामले शामिल थे।

See also  इंंदौर के बाद अब महू में दूषित पानी पीने से दो दर्जन से ज्यादा लोग बीमार, कलेक्टर ने लिया जायजा, सभी पीड़ितों का अस्पताल में इलाज जारी

इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद हवाई यात्रियों में डर का माहौल है। रायपुर, दिल्ली और मुंबई जैसे कई बड़े एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अगर जल्द ही सुधार नहीं किए गए, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। संसदीय पैनल ने सख्त लहजे में कहा है कि एयरलाइंस की मनमानी रोकने के लिए कड़े कानून और बेहतर निगरानी तंत्र की तत्काल जरूरत है। फिलहाल, एयर इंडिया को सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के लिए 9 कारण बताओ नोटिस भेजे गए हैं, लेकिन सवाल वही है कि क्या आसमान में आपका सफर वाकई सुरक्षित है?

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।