UP Energy Department की कमान अब IAS रणवीर प्रसाद के हाथ में है। IIT कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग करने वाले 2000 बैच के रणवीर प्रसाद ने सोमवार को ऊर्जा विभाग का दायित्व संभाल लिया। इससे पहले वह दक्षिणांचल डिस्कॉम के अलावा राज्य के उत्पादन निगम और पारेषण निगम के प्रबंध निदेशक रह चुके हैं।
खाद्य एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव पद से कार्यमुक्त होने के बाद IAS रणवीर प्रसाद शक्तिभवन पहुंचे। यहां उन्होंने पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष का पद संभाला। उन्हें उत्पादन और पारेषण निगम के अध्यक्ष पद के साथ प्रमुख सचिव ऊर्जा तथा अतिरिक्त ऊर्जा की जिम्मेदारी भी दी गई है।
6 जिलों के डीएम रह चुके हैं रणवीर प्रसाद
IAS रणवीर प्रसाद का प्रशासनिक अनुभव भी लंबा रहा है। सचिवालय में कई महत्वपूर्ण विभाग संभालने के अलावा वह आवास आयुक्त भी रह चुके हैं। वह आजमगढ़, मैनपुरी, ललितपुर, संतकबीरनगर, उन्नाव और भदोही के जिलाधिकारी रह चुके हैं। करीब 48 वर्षीय IAS रणवीर प्रसाद मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने बताया कि मंगलवार को विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं के साथ बिजली आपूर्ति समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
डॉ. आशीष गोयल ने संभाली थी बिजली व्यवस्था की कमान
IAS रणवीर प्रसाद से पहले 1995 बैच के डॉ. आशीष कुमार गोयल तीन वर्ष से अधिक समय तक प्रदेश की बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। डॉ. गोयल ने भी IIT से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। श्रम एवं सेवायोजन के अपर मुख्य सचिव बनाए जाने के बाद डॉ. गोयल को कार्यमुक्त किया गया। इसके बाद शक्तिभवन में उनके लिए विदाई समारोह आयोजित हुआ। अभियंता संघ समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उनके कार्यकाल को याद किया और कर्मचारी हितों तथा बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए किए गए कामों का उल्लेख किया।
बिजली व्यवस्था के साथ कर्मचारियों के मुद्दे भी उठे
विदाई समारोह में पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. गोयल के तीन साल से अधिक के कार्यकाल में बिजली व्यवस्था में व्यापक सुधार दिखाई दिए हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश पावर ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत से मुलाकात की। एसोसिएशन ने पावर कॉरपोरेशन में पिछले दो वर्षों के दौरान अनुसूचित जाति-जनजाति और पिछड़ा वर्ग के अभियंताओं तथा अन्य कर्मचारियों के विरुद्ध किए गए निर्णयों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। एसोसिएशन के अध्यक्ष आरपी केन, कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष पीएम प्रभाकर और संगठन सचिव अनिल कुमार ने मंत्री को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।



