टीआरपी डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने 51वें काशी दौरे पर वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने 565.35 करोड़ की लागत वाली 14 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही किसानों को ‘पीएम-किसान सम्मान निधि’ की 20वीं किस्त भी जारी की। लेकिन इस मंच से उन्होंने बिना नाम लिए डोनाल्ड ट्रंप को साफ संदेश भी दे दिया।

जो भारत के हित में होगा, वही सरकार करेगी

पीएम मोदी ने कहा, दुनिया में आर्थिक अस्थिरता है, हर देश अपने हितों को प्राथमिकता दे रहा है। भारत भी सजग है और जो देशहित में होगा, वही हमारी सरकार करेगी।

यह बयान ऐसे समय पर आया है जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था को ‘डेड’ कहा और 25% टैरिफ का ऐलान किया है।

स्वदेशी अपनाओ, लोकल के लिए वोकल बनो

मोदी ने कहा कि भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए हर देशवासी को लोकल प्रोडक्ट्स के लिए वोकल बनना होगा। हमें संकल्प लेना होगा कि हम उन्हीं चीजों को खरीदेंगे जो भारतीयों द्वारा बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर देशहित में सोचने की जरूरत है।

किसानों को मिला तोहफा

इस मौके पर पीएम मोदी ने देशभर के 9.7 करोड़ किसानों के खातों में ₹20,500 करोड़ से ज्यादा की रकम डीबीटी के ज़रिए ट्रांसफर की। ये ‘पीएम-किसान’ की 20वीं किस्त है, जो खेती-किसानी को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।