Vande Bharat Train: वंदे भारत एक्सप्रेस में टूटे शीशे और जंग लगे टॉयलेट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रेलवे ने मामले में तुरंत कार्रवाई की। रेल यात्री और खुद को रेल फैन बताने वाले हिमांशु मुखर्जी ने 2 अक्टूबर को साबरमती से वेरावल जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में यह स्थिति देखी।
उन्होंने ट्रेन संख्या 26901 की तस्वीरें शेयर करते हुए रेलवे से शिकायत की। इसके बाद DRM अहमदाबाद ने जवाब दिया कि मेंटिनेंस स्टाफ ने समस्या को ठीक कर दिया है।
पैसेंजर ने शेयर कीं तस्वीरें
हिमांशु मुखर्जी वंदे भारत से सफर कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ट्रेन को बाहर से देखा तो कुछ शीशे टूटे हुए नजर आए। उन्होंने इसकी तस्वीर खींच ली। इसके बाद उन्होंने ट्रेन के टॉयलेट की स्थिति भी देखी। वहां लोहे के हिस्से में जंग लगी हुई दिखाई दी। हिमांशु ने दोनों तस्वीरों के साथ रेलवे को शिकायत की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि देश की प्रमुख ट्रेनों में शामिल वंदे भारत की ऐसी स्थिति देखने को मिलेगी। उन्होंने बाहर की गंदगी, टूटे शीशे और जंग लगे टॉयलेट को लेकर सवाल उठाया।
रेलवे ने शिकायत को गंभीरता से लिया
मामला सामने आने के बाद DRM अहमदाबाद की ओर से जवाब दिया गया। रेलवे ने कहा कि हिमांशु के फीडबैक को गंभीरता से लिया गया है। DRM के मुताबिक, वंदे भारत पर दिख रहे दाग भारतीय रेलवे के मानकों के अनुरूप नहीं हैं। इसके बाद मेंटिनेंस स्टाफ ने तुरंत जरूरी सुधार किया। रेलवे की ओर से यह भी बताया गया कि कार्रवाई के बाद समस्या का पूरी तरह समाधान कर दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित वीडियो भी शेयर किया गया।
Never thought that one of dirtiest and shabby Vande Bharat’s accross India would be found in @drmadiwr ,@WesternRly, untidy exteriors, broken glasses, rusted toilets never expected to witness on IR’s Flagship train @RailMinIndia
26901 Sabarmati – Veraval Vande Bharat (02/10/26) https://t.co/b1U4hjZgx4— Himanshu Mukerjee (@Railfann9971) October 2, 2026
सोशल मीडिया पर उठे कई सवाल
तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने ट्रेन के रखरखाव को लेकर सवाल उठाए। कुछ लोगों ने पूछा कि क्या रेलवे नई और आधुनिक ट्रेनें बनाने के साथ उनके नियमित रखरखाव पर भी उतना ही ध्यान दे रहा है। कुछ यूजर्स ने यात्रियों के व्यवहार पर भी सवाल उठाया। उनका कहना था कि ट्रेन की ऐसी स्थिति के पीछे किसी यात्री की भूमिका भी हो सकती है। एक यूजर ने भविष्य की बुलेट ट्रेन को लेकर भी सवाल उठाया। उसका आकलन था कि नई ट्रेन शुरू होने के बाद उसके रखरखाव और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत होगी।



