बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
राष्ट्रीय

शरद पवार ले सकते हैं राजनीति से संन्यास! कहा- चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं, युवाओं को मिले मौका

शरद पवार ले सकते हैं राजनीति से संन्यास! कहा- चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं, युवाओं को मिले मौका
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

Sharad Pawar Retirement: एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने राजनीति से संन्यास को लेकर बड़ा बयान देकर हलचल मचा दी है। 84 वर्षीय पवार, जो अब भी राजनीति में सक्रिय हैं, ने कहा कि अब समय आ गया है कि नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का अवसर मिले। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चाएं गर्म हो गई हैं। पवार ने स्पष्ट कहा, मैं अब कोई चुनाव नहीं लड़ना चाहता। अब तक मैंने 14 बार चुनाव लड़ा है और किसी न किसी मोड़ पर रुकना ही होगा। मुझे सत्ता की जरूरत नहीं है, अब मैं समाज सेवा पर ध्यान देना चाहता हूं।

यह बयान पवार ने अपने बारामती दौरे के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वे राज्यसभा के सदस्य के रूप में सेवाएं दे रहे हैं और उनका कार्यकाल अभी डेढ़ साल बाकी है। इसके बाद वे तय करेंगे कि क्या वे दोबारा राज्यसभा जाएंगे या नहीं। पवार ने यह भी साफ किया कि वे अब लोकसभा या किसी भी अन्य चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे।

युवाओं को आगे बढ़ने का मौका

शरद पवार ने बताया कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में 14 बार चुनाव लड़ा और जनता ने हर बार उन्हें विजयी बनाकर सदन में भेजा। उन्होंने कहा, अब समय आ गया है कि यह सिलसिला रुके और नई पीढ़ी को मौका मिले। युवा नेताओं को राजनीति में आगे बढ़कर नेतृत्व संभालना चाहिए।

गौरतलब है कि पवार के भतीजे अजित पवार पहले भी उनके रिटायरमेंट को लेकर सवाल उठा चुके हैं। इस साल की शुरुआत में उन्होंने उम्र का हवाला देते हुए पवार पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्हें अब आराम करना चाहिए। उस समय शरद पवार ने पलटवार किया था, लेकिन इस बार उनके नए बयान ने चर्चाओं को फिर से हवा दे दी है।

क्या होगा आखिरी फैसला?

शरद पवार के इस बयान से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मच गई है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या वाकई पवार राजनीति से संन्यास लेंगे और इससे एनसीपी के नेतृत्व में क्या बदलाव आएगा। राजनीतिक विश्लेषक अब इस सवाल पर चर्चा कर रहे हैं कि क्या पार्टी में नई पीढ़ी के लिए रास्ता खुलने वाला है।

Rverma
लेखक / पत्रकार:

Rverma

विशेष संवाददाता

The Rural Press के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकार से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन