टीआरपी डेस्क। T20 World Cup 2026 : आइसलैंड क्रिकेट ने पाकिस्तान पर तंज कसा है। दरअसल पाकिस्तान टी20 विश्व कप का बहिष्कार करने की धमकी दे चुका है। बता दे कि टी20 विश्व कप की शुरुआत में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से अब तक टूर्नामेंट में भागीदारी को लेकर कोई स्पष्ट रुख सामने नहीं आया है। हाल ही में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी, जिसके बाद इस मुद्दे ने और तूल पकड़ लिया।

पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बांग्लादेश को विश्व कप से बाहर कर दिया। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया था और अपने मुकाबले श्रीलंका में कराने की मांग की थी। आईसीसी ने इस प्रस्ताव को खारिज करते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया। इस फैसले के बाद पाकिस्तान खुलकर बांग्लादेश के समर्थन में उतर आया और आईसीसी पर सवाल उठाने लगा।

T20 World Cup 2026 में पाकिस्तान की जगह लेने को तैयार !


पाकिस्तान के इसी रुख को लेकर अब आइसलैंड क्रिकेट ने व्यंग्य किया है। आइसलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अगर 2009 की चैंपियन टीम पाकिस्तान टी20 विश्व कप में नहीं खेलती है तो वे उसकी जगह लेने के लिए तैयार हैं। पोस्ट में यह भी कहा गया कि जैसे ही पाकिस्तान दो फरवरी को नाम वापस लेगा, उनकी टीम तुरंत रवाना होने के लिए तैयार होगी, हालांकि उड़ानों की जटिलता के कारण सात फरवरी तक कोलंबो पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। आइसलैंड क्रिकेट ने अपने संभावित ट्रैवल प्लान का स्क्रीनशॉट भी साझा किया, जिससे यह पोस्ट और चर्चा में आ गई।

पाकिस्तान का यह रुख बांग्लादेश के बाहर होने के बाद और कड़ा हो गया। आईसीसी की बैठक में पाकिस्तान ने बांग्लादेश के पक्ष में वोट दिया था, लेकिन इसके बावजूद फैसला नहीं बदला। इसके बाद पीसीबी ने आईसीसी पर पक्षपात के आरोप लगाए। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने साफ किया कि टीम का विश्व कप में खेलना सरकार के फैसले पर निर्भर करेगा और वह उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई करेंगे।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।