उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट से बड़ी खबर सामने आ रही है। सरयू नदी के किनारे बने श्मशान घाट के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर मिलने का मामला सामने आया है। तस्वीर के आसपास नारियल, नींबू, लाल धागा और सिंदूर रखा मिला। नींबू में सुई भी चुभाई गई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तस्वीर के पास मिली संदिग्ध सामग्री
पूरा मामला दोहरीघाट क्षेत्र में सरयू नदी के किनारे स्थित श्मशान घाट के पास का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के आसपास नारियल, नींबू, सिंदूर और लाल धागा दिखाई देने की बात कही जा रही है। नींबू में सुई भी लगी हुई बताई गई है। तस्वीर के साथ इन चीजों को रखे जाने को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे टोना-टोटका या तंत्र-मंत्र से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, यह हरकत किसने की और इसके पीछे क्या मंशा थी, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोहरीघाट के थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने की सख्त कार्रवाई की मांग
भाजपा जिलाध्यक्ष ने इस घटना को किसी अराजक तत्व की हरकत बताया और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। हालांकि, तस्वीर के साथ कथित तौर पर सामग्री रखने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं घटना के पीछे की मंशा को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि द रुरल पोस्ट इस घटना की पुष्टि नहीं करता है।



