टीआरपी डेस्क। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। कोर्ट के आदेश के बाद आज सीबीआई ने रेप केस में स्टेटस रिपोर्ट सौंप दी है। मामले पर कोर्ट में फिर सुनवाई शुरू हो गई है।

पर सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार (22 अगस्त) को फिर सुनवाई हुई। शीर्ष अदालत ने 20 अगस्त को सीबीआई को आदेश दिया था कि वह इस मामले की स्टेटस रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ को सौंपे।

बता दें कि जांच एजेंसी ने अदालत में जांच की मौजूदा स्थिति की रिपोर्ट दाखिल की। सीजेआई ने हड़ताली डॉक्टरों से कहा है कि आप काम पर वापस लौटिए। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई है।

सुप्रीम कोर्ट ने इस केस में स्वत: संज्ञान लेते हुए सीबीआई से जांच की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही प्रदर्शन के दौरान हॉस्पिटल में हुई तोड़फोड़ और भीड़ के प्रवेश की जांच करने के निर्देश भी दिए गए थे।

सुप्रीम कोर्ट ने नेशनल टास्कफोर्स भी बनाई

सुप्रीम कोर्ट ने पिछली सुनवाई में इस मामले में विफलता को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार पर कड़ी नाराजगी जताई थी और उनसे भी इस बारे में रिपोर्ट मांगी थी कि अपराध स्थल पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान भीड़ कैसे अंदर पहुंची।
सुप्रीम कोर्ट ने चिकित्सा पेशेवरों, विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक नेशनल टास्कफोर्स का गठन भी किया है। डॉक्टरों के संगठनों ने इस टास्कफोर्स के साथ सहयोग करने और इस मुद्दे पर केंद्रीय कानून की मांग करने का आश्वासन दिया है। टास्कफोर्स को तीन हफ्तों के भीतर अंतरिम रिपोर्ट और दो महीनों के भीतर अंतिम रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया गया है।

पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष से पूछताछ जारी

इस बीच, सीबीआई ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष से बुधवार को लगातार छठे दिन पूछताछ की। दूसरी ओर, मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या को लेकर देशभर में प्रदर्शन जारी है। बता दें कि सरकारी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में 8 अगस्त की आधी रात ट्रेनी डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। अगले दिन सुबह सेमिनार हॉल में उसकी लाश मिली थी।

CISF ने संभाली आरजी कर अस्पाताल की सुरक्षा

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आरजी कर अस्पाताल की सुरक्षा सीआईएसएफ ने संभाल ली है। बता दें कि मेडिकल कॉलेज में 31 साल की ट्रेनी डॉक्टर की कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।