टीआरपी डेस्क। दक्षिण भारत की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई अचानक चेन्नई से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

इस दौरे के बाद से उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कयासों का बाजार गर्म हो गया है। कयास तो यहां तक लगाए जा रहे हैं कि वे बीजेपी को अलविदा कहकर अपनी एक नई राजनीतिक पार्टी बना सकते हैं।

इन बातों को हवा तब मिली जब जब पत्रकारों ने उनसे इस बारे में सीधा सवाल किया, तो उन्होंने इस खबर को नकारा नहीं। उन्होंने सिर्फ इतना कहा, कृपया थोड़ा इंतजार करें। हम दो दिनों में बैठकर इस पर बात करेंगे। उनके इस जवाब ने सियासी हलचल को और तेज कर दिया है।

नई पार्टी बनाएंगे अन्नामलाई?

अन्नामलाई साल 2020 में पुलिस की नौकरी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए 2021 से 2025 तक उन्हें तमिलनाडु का अध्यक्ष बनाए रखा। अपने कड़क अंदाज और आक्रामक प्रचार के दम पर वे बहुत कम समय में राज्य में पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा बन गए। खासकर युवाओं और सोशल मीडिया पर उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग देखने को मिलती है।

See also  सकते में सरकार: छत्तीसगढ़ में तबलीगी जमात के 32 सदस्य क्वारंटाइन और 69 सदस्य आइसोलेशन में

लेकिन पिछले कुछ समय से दिल्ली आलाकमान और केंद्रीय नेतृत्व के साथ उनके मतभेदों की खबरें लगातार सामने आ रही थीं। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आने के बाद से ही यह माना जा रहा था कि वे राजनीति में कोई नया रास्ता चुन सकते हैं।

समर्थकों ने पोस्टर लगाकर किया शक्ति प्रदर्शन

अन्नामलाई के जन्मदिन से ठीक पहले कोयंबटूर की सड़कों पर उनके समर्थकों ने बड़े-बड़े पोस्टर लगा दिए हैं। इन पोस्टरों पर लिखा है, हमारे नेता, आओ और हमारा नेतृत्व करो। राजनीतिक गलियारों में इसे सीधे तौर पर उनके समर्थकों का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।

अन्नामलाई ने पिछले कुछ समय से अपने अगले कदम पर पूरी तरह चुप्पी साध रखी थी। उन्होंने कभी भी भाजपा छोड़ने की बात नहीं कही, लेकिन उनके हालिया बयानों और तेवरों को देखकर लगता है कि चेन्नई से दिल्ली तक कोई बड़ी खिचड़ी जरूर पक रही है। दो दिन बाद होने वाली उनकी बैठक पर अब पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।

See also  टीआरपी सबसे पहले: लॉकडाउन-4 की नई गाइड लाइन, ग्रीन और रेड जोन का अधिकार राज्यों को, जानिए टीआरपी के साथ

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।