बुधवार, 21 अक्तूबर 2026 बुध, 21 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
राष्ट्रीय

Tiger Shroff Firing Case: अमिताभ से सलमान तक, टाइगर श्रॉफ केस में आरोपियों ने क्या बताया?

Tiger Shroff Firing Case: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार समेत कई बड़े बॉलीवुड सितारों की रेकी करने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सितारों की सुरक्षा व्यवस्था देखने के बाद अपना प्लान बदल […]

Tiger Shroff Firing Case
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Tiger Shroff Firing Case: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार समेत कई बड़े बॉलीवुड सितारों की रेकी करने की बात बताई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सितारों की सुरक्षा व्यवस्था देखने के बाद अपना प्लान बदल दिया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को दो महिलाओं समेत चार और लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर शूटरों को हथियार सप्लाई करने का आरोप है।

अमिताभ, सलमान और अक्षय समेत कई सितारों की रेकी का दावा

कोटा पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे मुंबई में किसी बड़े अभिनेता को निशाना बनाने पहुंचे थे। करीब एक महीने पहले उन्हें मुंबई भेजा गया था। पुलिस के अनुसार, लॉरेंस गैंग के गुर्गे अनिल पंडित ने उन्हें किसी बड़े स्टार को टारगेट करने के लिए कहा था। आरोपियों ने अभिनेताओं के घरों की रेकी की और उनके वीडियो अनिल पंडित को भेजे थे। हालांकि, सितारों की कड़ी सुरक्षा देखकर उन्होंने अपना प्लान बदल दिया। इसके बाद उन्होंने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया।

सात दिन तक की रेकी, फिर टाइगर की कार पर फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने गूगल के जरिए टाइगर श्रॉफ के बारे में जानकारी जुटाई थी। उन्हें पता चला था कि अभिनेता हर रविवार शाम फुटबॉल खेलने आते हैं। इसके बाद आरोपियों ने करीब सात दिन तक रेकी की। उनकी योजना सेल्फी लेने के बहाने टाइगर की कार के पास पहुंचने और फिर फायरिंग करने की थी। 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू में फुटबॉल खेलकर लौट रहे टाइगर की कार पर तीन बाइक सवारों ने गोलियां चलाईं। हमले में टाइगर सुरक्षित रहे, जबकि उनका ड्राइवर घायल हो गया। टाइगर खुद ड्राइवर को कार से अस्पताल लेकर गए थे।

हमले से एक रात पहले होटल से भागा था चौथा युवक

पूछताछ में आरोपियों के साथ एक चौथे युवक के होने की बात भी सामने आई है। बताया गया कि वह हमले से एक रात पहले सिगरेट पीने के बहाने होटल से भाग गया था। पुलिस के मुताबिक, पार्क के बाहर भीड़ होने के कारण आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच और कोटा पुलिस ने भी आरोपियों से पूछताछ की है।

दो महिलाओं समेत चार और गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को इस मामले में चार और लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के आरोप के मुताबिक, इन लोगों ने शूटरों को हथियार उपलब्ध कराए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के कुणाल (21), सुमित (19), उत्तर प्रदेश की राधा (23) और बबीता (23) के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस ने फायरिंग करने के आरोप में बिहार के ऋतिक और हरियाणा के रेहान व फूल सिंह को सोमवार को कोटा से गिरफ्तार किया था। पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और कथित हथियार सप्लाई की कड़ी की जांच कर रही है।

Deeksha Mishra
लेखक / पत्रकार:

Deeksha Mishra

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन