गुरुवार, 22 अक्तूबर 2026 गुरु, 22 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
राजनीति

CG Political News: धान खरीदी से PSC परीक्षा तक, भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा, बोले- 2024 की परीक्षा रद्द हो

CG Political News: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी, PSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी, बीटीआई ग्राउंड में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स निर्माण और महतारी वंदन योजना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू करने की वकालत करते हुए सरकार से पूछा कि क्या वह समय पर […]

Bhupesh Baghel Targets Chhattisgarh Government
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

CG Political News: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी, PSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी, बीटीआई ग्राउंड में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स निर्माण और महतारी वंदन योजना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू करने की वकालत करते हुए सरकार से पूछा कि क्या वह समय पर धान खरीदी नहीं करना चाहती? वहीं, PSC परीक्षा में पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए 2024 की परीक्षा रद्द करने और मामले की जांच CBI से कराने की मांग की।

दशहरा के बाद पहली बार मीडिया से रूबरू हुए भूपेश बघेल ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार धान खरीदी की व्यवस्था नहीं कर पा रही है। धान खरीदी समय पर शुरू होनी चाहिए, ताकि किसानों को परेशानी न हो। उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा।

PSC परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप, CBI जांच की मांग

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की परीक्षा को लेकर भूपेश बघेल ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाली सरकार के कार्यकाल में भी गड़बड़ी के आरोप सामने आ रहे हैं, लेकिन मामले की जांच क्यों नहीं हो रही है? बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार में बैठे लोग परीक्षा पास करवाने में भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों को उनकी उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही, PSC अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी पर भी सवाल उठाए। पूर्व मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 की PSC परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की जांच CBI से कराने की मांग की।

BTI ग्राउंड में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने का विरोध

रायपुर के BTI ग्राउंड में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने के प्रस्ताव पर भी भूपेश बघेल ने आपत्ति जताई। उन्होंने इसे गलत बताते हुए कहा कि इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। बघेल ने कहा कि रायपुर में आम लोगों को यातायात के नाम पर परेशान किया जा रहा है, जबकि मंत्री और अधिकारी राजधानी में दो-दो बंगले रखे हुए हैं। उन्होंने मंत्रियों से राजधानी के बंगले छोड़ने की मांग भी की।

महतारी वंदन योजना में वसूली का आरोप

भूपेश बघेल ने महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों से कथित वसूली का आरोप लगाया। उन्होंने योजना के लाभार्थियों की संख्या में कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हितग्राहियों की संख्या 70 लाख से घटकर 68 लाख हो गई है, जबकि पात्र हितग्राहियों की संख्या बढ़नी चाहिए। उन्होंने इस मामले में सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

महंगाई को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना

त्योहारों के दौरान महंगाई का मुद्दा उठाते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि जनता महंगाई से परेशान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महंगाई कम करने में केंद्र सरकार नाकाम रही है। बघेल ने प्रधानमंत्री की तेल बचाने की अपील का जिक्र करते हुए कहा कि एक ओर लोगों को तेल बचाने की नसीहत दी जाती है, वहीं दूसरी ओर जन्मदिन पर लाखों दीये जलाए जाते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने इन तमाम मुद्दों को लेकर राज्य और केंद्र सरकार से जवाब मांगा।

Naveen Kumar Sahu
लेखक / पत्रकार:

Naveen Kumar Sahu

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन