भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में नवनियुक्त सोशल मीडिया टीम के पदाधिकारियों की पहली औपचारिक बैठक ली। सोमवार को आयोजित इस बैठक में उन्होंने पार्टी के डिजिटल संचार को और अधिक प्रभावी बनाने, सरकारी नीतियों को आम जनता तक सीधे पहुँचाने और सोशल मीडिया के जरिए जनसंवाद को मजबूत करने के लिए विस्तार से दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को डिजिटल पटल पर नई गति देने की रणनीति तैयार की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदाधिकारियों से कहा कि सोशल मीडिया केवल सूचना प्रसार का जरिया नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी प्रतिक्रियाओं को समझने का प्रमुख साधन है। उन्होंने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और संगठन के अभियानों को देश के हर कोने तक पहुँचाने के लिए समन्वित प्रयासों पर विशेष जोर दिया।
बैठक में कौन-कौन रहे मौजूद ?
संगठनात्मक पुनर्गठन के बाद आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में सोशल मीडिया विभाग के नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के, निवर्तमान राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय और राष्ट्रीय सह-संयोजक श्रीमती प्रीति गांधी, शिवानन्द द्विवेदी, आलोक भट्ट व अरुण यादव मौजूद रहे। बैठक में निवर्तमान टीम के अनुभवों और नई टीम की प्राथमिकताओं को मिलाकर एक साझा कार्ययोजना पर चर्चा की गई, ताकि आगामी अभियानों में पार्टी का डिजिटल तंत्र और अधिक मुस्तैद दिखाई दे।
आगामी अभियानों पर दिख सकता है असर
इस बैठक में तय की गई रणनीति का असर आने वाले दिनों में पार्टी के विभिन्न अभियानों और राज्य स्तरीय कार्यक्रमों पर देखने को मिलेगा। नवनियुक्त पदाधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी जाएगी, जिससे क्षेत्रीय भाषाओं में भी पार्टी की सामग्री का प्रसार तेजी से हो सके। आने वाले हफ्तों में भाजपा सोशल मीडिया विभाग द्वारा कई नए आउटरीच कार्यक्रम शुरू किए जाने की पूरी संभावना है।


