Raipur News: रायपुर के प्रसिद्ध तेलीबांधा चौक का नाम बदले जाने को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। सीएम साय ने कहा है कि तेलीबांधा चौक का नाम बदलने की कोई योजना नहीं है। यहां केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ के तहत विकास और सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा।
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के 38 चौकों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। इसके बाद तेलीबांधा चौक का नाम भी बदले जाने की चर्चाएं शुरू हो गईं। खबर सामने आने के बाद साहू समाज ने इसका विरोध किया और तेलीबांधा नाम से जुड़ी ऐतिहासिक पहचान बनाए रखने की मांग उठाई।
साहू समाज ने जताई थी नाराजगी
नाम परिवर्तन की खबरों के बीच साहू समाज की ओर से आपत्ति जताई गई थी। समाज की ओर से कहा गया कि तेलीबांधा चौक का नाम क्षेत्र की सामाजिक और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा हुआ है। विवाद बढ़ने पर आंदोलन की चेतावनी भी सामने आई। विपक्ष ने भी इस मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया।
CM साय बोले- नाम परिवर्तन नहीं किया जा रहा
विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सफाई देते हुए कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की गलतफहमी में नहीं रहने की अपील की। मुख्यमंत्री के मुताबिक, चौक पर केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ के तहत विकास और सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा।
भूपेश बघेल ने साधा तंज
मुख्यमंत्री के स्पष्टीकरण के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुख्यमंत्री साय के बयान को साझा करते हुए तंज कसा। भूपेश बघेल ने लिखा, “चलिए… जल्दी सद्बुद्धि आ गई। साहू समाज की नाराज़गी का ही असर है। समाज की एकता ही सबसे बड़ी ताक़त है।”
नाम परिवर्तन की अटकलों पर अब विराम
मुख्यमंत्री की सफाई के बाद तेलीबांधा चौक का नाम बदलने को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि चौक की पहचान और नाम में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा, बल्कि प्रस्तावित योजना के तहत यहां विकास और सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा।




