टीआरपी डेस्क। देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी ने होटल और रेस्तरां उद्योग की कमर तोड़ दी है। ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,071.50 रुपये तक पहुंच गई है। महज 6 महीनों में 7 बार हुई कीमतों में वृद्धि के कारण होटल मालिकों पर परिचालन लागत का भारी बोझ आ गया है, जिससे अब आम जनता की जेब पर भी सीधा असर पड़ना तय है।

व्यंजनों की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक का हो सकता है इजाफा

फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशंस ऑफ इंडिया (एफएचआरएआई) के अनुसार, बढ़ती लागत की भरपाई के लिए रेस्तरां में व्यंजनों की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक का इजाफा किया जा सकता है। दिसंबर 2025 से अब तक सिलेंडर की कीमतों में करीब 94 प्रतिशत की तेजी देखी गई है। अकेले मार्च से अब तक कीमतों में 1,491 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है, जिससे छोटे ढाबे, कैटरर्स और क्लाउड किचन के सामने बंदी का संकट खड़ा हो गया है।

See also  LPG Cylinder Price: त्योहारों से पहले गैस सिलेंडर हुआ महंगा, इतने रुपए बढ़ गए एलपीजी के दाम

पर्यटन और खाद्य उद्योग को होगा नुकसान

उद्योग संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया और कीमतें कम नहीं की गईं, तो कई और प्रतिष्ठान स्थायी रूप से बंद हो सकते हैं। इससे न केवल पर्यटन और खाद्य उद्योग को नुकसान होगा, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार की कटौती की भी आशंका है। वर्तमान में व्यवसाय पहले से ही आपूर्ति की बाधाओं और कमजोर नकदी प्रवाह जैसी चुनौतियों से जूझ रहे हैं, ऐसे में यह ताजा वृद्धि उनके अस्तित्व के लिए गंभीर खतरा बन गई है।