India vs Afghanistan T20 series: काबुल। भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए अफगानिस्तान ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। सीरीज के मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे।
कंधे की चोट से उबरने के बाद तेज गेंदबाज नवीन उल हक की टीम में वापसी हुई है। वह दाएं कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज और 2026 टी20 विश्व कप में नहीं खेल सके थे। उनकी वापसी से अफगानिस्तान का तेज गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा।
इब्राहिम जादरान पहली बार फुल-टाइम टी20 इंटरनेशनल कप्तान के रूप में टीम की अगुवाई करेंगे। उन्होंने राशिद खान से कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली है। टीम में अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नायब की भी वापसी हुई है, जबकि घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज नूर रहमान को पहली बार टीम में शामिल किया गया है।
टीम में राशिद खान, नूर अहमद, नांग्याल खरोती, मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी जैसे प्रमुख स्पिनर भी मौजूद हैं। अफगानिस्तान की टीम सीरीज से पहले भारत पहुंचकर तैयारी कैंप में हिस्सा लेगी। यह भारत और अफगानिस्तान के बीच पहली पुरुष द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज होगी।
अफगानिस्तान टीम:-
इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोती, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन उल हक।
रिजर्व: इजाज अहमदजई, शाहिदुल्लाह कमाल और फरीद अहमद मलिक।


