टीआरपी डेस्क। टी20 विश्व कप (T-20 World Cup 2026) में टूर्नामेंट का पहला बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। जिम्बाब्वे की टीम ने खिताब की दावेदार मानी जा रही ऑस्ट्रेलिया को 23 रन के अंतर से हराकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। खास बात यह है कि जिम्बाब्वे ने 19 साल बाद इतिहास दोहराते हुए ऑस्ट्रेलिया को टी-20 वर्ल्ड कप में दूसरी बार मात दी है। इससे पहले 2007 में भी उन्होंने कंगारुओं को लीग राउंड में हराया था।

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने इसे गलत साबित कर दिया। ब्रायन बेनेट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए, जो उनके टी-20 करियर का 11वां अर्धशतक है। उनके साथ तादिवानाशे मारुमनी और रयान बर्ल ने 35-35 रनों का योगदान दिया, जबकि कप्तान सिकंदर रजा ने अंत में 13 गेंदों पर 25 रनों की तेज पारी खेलकर स्कोर को 169 रन तक पहुंचाया।

जवाब में 170 रनों का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम 19.3 ओवर में महज 146 रन पर ढेर हो गई। मैट रेनशॉ (65) और ग्लेन मैक्सवेल (31) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका। स्थिति इतनी खराब थी कि टिम डेविड और कैमरन ग्रीन खाता भी नहीं खोल पाए।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।