Ambikapur National Highway: अंबिकापुर में भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग (Ambikapur National Highway) की खस्ता हालत से नाराज लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। गड्ढों और बोल्डरों से परेशान नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और जनप्रतिनिधियों व NH विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
गड्ढे बने तालाब, बोल्डर से बढ़ा खतरा
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि बारिश से भारत माता चौक से रायगढ़ की ओर जाने वाला NH तालाब बन गया है। गड्ढों में पानी भरा है। आरोप है कि विभाग ने गड्ढे भरने के लिए बड़े-बड़े बोल्डर डाल दिए, जिससे दोपहिया चालकों के लिए हादसे का खतरा और बढ़ गया है।

भाजपा नेता पवन साय का वाहन भी फंसा था इसी सड़क पर
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ दिन पहले भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री पवन साय का वाहन भी इसी सड़क के गड्ढे में फंस गया था। इसके बाद विभाग द्वारा गड्ढों में बोल्डर डालकर सड़क को अस्थायी रूप से दुरुस्त करने का प्रयास किया गया। हालांकि, लोगों का कहना है कि बड़े पत्थरों के कारण सड़क की समस्या कम होने के बजाय वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई है।
तहसीलदार और SDO मौके पर, 3-4 दिन में समतलीकरण का वादा
विरोध प्रदर्शन की सूचना पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात की। प्रदर्शनकारियों ने NH विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग की। इसके बाद lNH विभाग के SDO मौके पर पहुंचे और सड़क का निरीक्षण किया।

SDO ने बताया कि सड़क सुधार का काम जारी है और बोल्डरों के ऊपर छोटी गिट्टी डालकर 3 से 4 दिन में समतलीकरण कर दिया जाएगा। आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म किया गया।
लोगों ने कहा कि बारिश में अस्थायी मरम्मत नहीं, स्थायी समाधान चाहिए ताकि हादसे रोके जा सकें।
FAQ: जर्जर नेशनल हाईवे
सवाल 1. अम्बिकापुर में लोगों ने प्रदर्शन क्यों किया?
भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक NH की बदहाल स्थिति, जगह-जगह गड्ढे और गड्ढों में डाले गए बड़े बोल्डरों से हादसे के खतरे के कारण लोगों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया।
सवाल 2. प्रशासन ने क्या आश्वासन दिया?
मौके पर पहुंचे तहसीलदार और NH विभाग के SDO ने 3 से 4 दिन में बोल्डरों पर छोटी गिट्टी डालकर सड़क का समतलीकरण करने का आश्वासन दिया है।
सवाल 3. क्या किसी नेता का वाहन भी फंसा था?
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ दिन पहले भाजपा के संगठन महामंत्री पवन साय का वाहन भी इसी मार्ग के गड्ढे में फंस गया था, जिसके बाद विभाग ने बोल्डर डाले थे।
