PM Awas Yojana: छत्तीसगढ़ में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायती राज व ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि नई सरकार के गठन के बाद से अब तक प्रदेश में 11 लाख से अधिक 'प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण' के मकान पूर्ण कराए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर गरीब को पक्का मकान देने के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
प्रथम कैबिनेट में लिया था 18 लाख से अधिक मकानों का संकल्प
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नई सरकार के गठन के बाद आयोजित पहली ही कैबिनेट बैठक में प्रदेश के पात्र परिवारों के लिए 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण का संकल्प लिया गया था। पिछले वित्तीय वर्ष में छत्तीसगढ़ ने पूरे देश में सर्वाधिक 5.92 लाख से अधिक आवास पूर्ण कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया था। सरकार द्वारा वर्ष 2011 और 2018 की पात्रता सूची के सभी पात्र हितग्राहियों को आवास की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, जिनमें से अब तक कुल 20.40 लाख मकान पूर्ण हो चुके हैं और 4 लाख का निर्माण प्रगति पर है।
पुरानी लंबित योजनाओं और विशेष वर्गों के आवासों को किया शामिल
विभागीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान कार्यकाल में पूर्ण किए गए 11 लाख से अधिक मकानों में पिछले वर्षों के रुके और लंबित पड़े आवास भी शामिल हैं, जिन्हें राज्य सरकार द्वारा पर्याप्त फंड उपलब्ध कराकर प्राथमिकता के साथ पूरा कराया गया। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 48 हजार मकानों में से करीब 20 हजार आवास और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के लिए 'विशेष परियोजना' व 'प्रधानमंत्री जनमन योजना' के अंतर्गत स्वीकृत 23 हजार से अधिक आवासों को भी तेजी से पूर्ण कराया जा रहा है।
FAQ
प्रश्न 1: नई सरकार के गठन के बाद छत्तीसगढ़ में कितने प्रधानमंत्री आवास बनकर तैयार हुए हैं?
उत्तर: नई सरकार के गठन के बाद से अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के मकान पूर्ण किए जा चुके हैं।
प्रश्न 2: राज्य सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में कितने पीएम आवासों का संकल्प लिया था?
उत्तर: प्रथम कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 18 लाख से अधिक पात्र परिवारों के लिए आवास निर्माण का संकल्प लिया गया था।
प्रश्न 3: प्रदेश में अब तक कुल कितने आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है और कितने निर्माणाधीन हैं?
उत्तर: स्वीकृत आवासों में से अब तक कुल 20 लाख 40 हजार मकान पूर्ण हो चुके हैं, जबकि लगभग 4 लाख आवासों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
प्रश्न 4: मुख्यमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत कितने मकान बनाए गए हैं?
उत्तर: मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 20 हजार (स्वीकृत 48 हजार में से) और प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत लगभग 23 हजार आवास पूर्ण कराए गए हैं।
प्रश्न 5: पिछले वित्तीय वर्ष में छत्तीसगढ़ ने आवास निर्माण में क्या रिकॉर्ड बनाया था?
उत्तर: पिछले वित्तीय वर्ष में राज्य में 5.92 लाख से अधिक पीएम आवास पूर्ण किए गए थे, जो पूरे देश में सर्वाधिक थे।
