सोमवार, 14 सितंबर 2026 सोम, 14 सित |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

CG Top 5: 510 करोड़ की फोरलेन धंसी, गांव का संपर्क कटा; साइबर अपराध पर भी बड़ा कदम, पढ़ें छत्तीसगढ़ की 5 बड़ी खबरें

CG Top 5: 510 करोड़ की फोरलेन धंसी, गांव का संपर्क कटा; साइबर अपराध पर भी बड़ा कदम, पढ़ें छत्तीसगढ़ की 5 बड़ी खबरें
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

CG Top 5: छत्तीसगढ़ में बारिश, सड़क, प्रशासन और राजनीति से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आई हैं। 510 करोड़ रुपये की लागत से बन रही NH-45 फोरलेन पहली बारिश में कई जगह बैठ गई।

वहीं धरमजयगढ़ का एक गांव चार दिन से संपर्क से कटा है। दूसरी ओर राज्य में साइबर अपराध पर निगरानी के लिए S4C का गठन किया गया है।

1. 510 करोड़ की फोरलेन पहली बारिश में धंसी, मंत्री-विधायक भड़के

बिलासपुर से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही होते हुए केंवची तक बन रही NH-45 फोरलेन पहली ही बारिश में कई जगह बैठ गई। 510 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क पर गड्ढे, दलदल और दरारें सामने आई हैं। सड़क की बदहाली को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने सड़क पर उतरने की बात कही है। ठेकेदार पर ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई की तलवार भी लटक रही है।

2. दीपक महस्के ने संभाला BJP सोशल मीडिया संयोजक का कार्यभार

भाजपा के नए सोशल मीडिया संयोजक दीपक महस्के ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यभार संभाल लिया। इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और भाजपा के पूर्व सोशल मीडिया संयोजक अमित मालवीय समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। पार्टी नेताओं और सोशल मीडिया टीम ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

3. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को आएंगे छत्तीसगढ़

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। वे रायपुर स्थित एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके दौरे की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

4. रपटा पुल डूबा, 4 दिन से गांव का संपर्क कटा

लगातार बारिश के कारण धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत पुटूकछार का संपर्क चार दिन से पूरी तरह कटा हुआ है। खम्हार-पुटूकछार मार्ग पर बने रपटा पुल के ऊपर से नदी का पानी बह रहा है। इससे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों को अब राशन की भी चिंता सताने लगी है।

5. साइबर अपराध पर शिकंजे की तैयारी, छत्तीसगढ़ में बना S4C

बढ़ते साइबर अपराधों से निपटने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने स्टेट साइबर क्राइम को-ऑर्डिनेशन सेंटर यानी S4C का गठन किया है। 2008 बैच के IPS प्रशांत अग्रवाल और 2021 बैच के IPS गिरजा शंकर जायसवाल को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। राज्य स्तर पर साइबर क्राइम से जुड़े मामलों के लिए सिंगल प्वाइंट ऑफ कॉन्टैक्ट यानी SPOC की व्यवस्था भी की गई है।

विज्ञापन