Police Constable Recruitment 2023-24: छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 की दूसरी सूची जारी नहीं होने से नाराज प्रदेशभर के सैकड़ों अभ्यर्थियों ने कवर्धा जिला मुख्यालय में सड़क पर डेरा डाल दिया है। शुक्रवार सुबह 10 बजे से शुरू हुआ प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा। भूखे-प्यासे अभ्यर्थियों ने सड़क को ही बिस्तर बना लिया।
इस दौरान यहां बस्तर से आए अभ्यर्थियों के एक बयान ने प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। उन्होंने कहा- “अगर दूसरी लिस्ट नहीं आई तो हथियार उठाना हमारी मजबूरी होगी, हम नक्सली बनने को मजबूर हो जाएंगे।”

क्या है मामला: 1600-2000 पद अब भी खाली
नारायणपुर से आए एक अभ्यर्थी ने बताया कि 2023-24 में जो भर्ती निकली थी, उसमें पूर्ण भर्ती नहीं हुई। 1600 से 2000 पोस्ट अब भी बाकी हैं। बस्तर के युवाओं ने अच्छा परफॉर्मेंस दिया फिर भी नाम नहीं आया। सेकंड लिस्ट के भरोसे थे, अब युवा आक्रोशित हैं। नक्सली बनने जैसी मानसिकता बन रही है।
अभ्यर्थियों की मांग है- सेकंड लिस्ट जारी कर सभी पद भरे जाएं और ड्यूटी लिस्ट/भर्ती की आगे की प्रक्रिया शुरू की जाए।

ज्ञापन देने निकले, पुलिस ने रोका- वहीं धरने पर बैठे
कवर्धा में अभ्यर्थी बैनर-पोस्टर और तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट की ओर कूच कर रहे थे, मगर पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद सभी कलेक्ट्रेट मार्ग पर ही धरने पर बैठ गए।
बच्चों के साथ पहुंचे कई अभ्यर्थी
दिनभर प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलने के बाद अभ्यर्थियों का आक्रोश बढ़ता गया। देर रात तक बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सड़क पर ही डटे रहे। आंदोलन के दौरान कई अभ्यर्थी भूखे-प्यासे नजर आए, वहीं थकान और रात होने के बावजूद उनके पास घर लौटने का विकल्प नहीं था. मजबूरी में कुछ अभ्यर्थियों ने सड़क पर ही चादर बिछाकर रात गुजारनी शुरू कर दी। कई अभ्यर्थी अपने बच्चों को लेकर ही आंदोलन में पहुंचे हैं।

हर संभाग में होगा आंदोलन का विस्तार
एक आंदोलनकारी ने बताया कि हम पुलिस आरक्षक भर्ती के अभ्यर्थी हैं। सुबह 10 बजे से आए हैं। खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं। हम 1600 अभ्यर्थियों की दूसरी लिस्ट जारी करने की मांग गृहमंत्री से कर रहे हैं। लिस्ट जल्दी जारी नहीं हुई तो हर संभाग में आंदोलन होगा।
गृहमंत्री से मिलने की मांग, आर-पार की लड़ाई
अभ्यर्थियों का कहना है- यह अब आर-पार की लड़ाई है। वे गृहमंत्री से मिलने और लिखित आदेश की मांग कर रहे हैं। जब तक स्पष्ट निर्णय नहीं, सड़क से नहीं हटेंगे। संभागवार आंदोलन की चेतावनी भी दी है। प्रशासन की नजरें अब कवर्धा में डटे इन अभ्यर्थियों के अगले मूवमेंट पर हैं।
FAQ: पुलिस आरक्षक भर्ती आंदोलन
सवाल: प्रदर्शन कहां हो रहा है?
कवर्धा जिला मुख्यालय में, कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर।
सवाल: मांग क्या है?
2023-24 पुलिस आरक्षक भर्ती की दूसरी सूची
(1600-2000 पद) जारी करने और भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की।
सवाल: बस्तर के युवाओं ने क्या कहा?
नारायणपुर के अभ्यर्थियों ने कहा कि लिस्ट नहीं आई तो हथियार उठाने और नक्सली बनने को मजबूर होना पड़ेगा।
सवाल: प्रदर्शन कब तक चलेगा?
अभ्यर्थियों का कहना है जब तक लिखित आदेश नहीं मिलता, धरना जारी रहेगा और हर संभाग में आंदोलन होगा।


