सोमवार, 14 सितंबर 2026 सोम, 14 सित |
संस्करण:
व्यापार

LPG Cylinder Booking Rule: अब 45 नहीं 25 दिन में बुक होगा गैस सिलेंडर, सरकार ने बदला नियम

LPG Cylinder Booking Rule: अब 45 नहीं 25 दिन में बुक होगा गैस सिलेंडर, सरकार ने बदला नियम
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

LPG Cylinder Booking Rule: घरेलू LPG सिलेंडर बुक करने वाले ग्रामीण उपभोक्ताओं को अब अगली रिफिल के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना होगा। केंद्र सरकार ने ग्रामीण इलाकों में रिफिल बुकिंग का अंतराल घटाकर 25 दिन कर दिया है।

अब शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों के घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए अगली रिफिल बुक करने का नियम समान होगा। नई व्यवस्था 7 सितंबर 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने इसकी जानकारी दी है।

ग्रामीण उपभोक्ताओं को 20 दिन की राहत

पहले ग्रामीण क्षेत्रों में एक रिफिल बुक करने के बाद अगला सिलेंडर बुक करने के लिए 45 दिन का अंतराल तय था। वहीं, शहरी क्षेत्रों में यह अवधि 25 दिन थी। अब ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए भी 25 दिन का नियम लागू कर दिया गया है। इस तरह ग्रामीण उपभोक्ताओं को पहले के मुकाबले 20 दिन कम इंतजार करना होगा। शहरी उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग अंतराल में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

क्यों लागू किया गया था 45 दिन का नियम?

2026 में पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच LPG सप्लाई पर दबाव बढ़ गया था। इसके बाद सरकार ने मांग को नियंत्रित करने के लिए रिफिल बुकिंग के बीच अंतराल तय किया था। उस समय ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन और शहरी उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया था। यह व्यवस्था LPG की उपलब्धता बनाए रखने और सप्लाई पर दबाव कम करने के लिए अस्थायी कदम के तौर पर लागू की गई थी।

अब क्यों बदला गया नियम?

केंद्र सरकार के मुताबिक, मौजूदा समय में LPG सप्लाई की स्थिति में सुधार हुआ है। रिफिल बैकलॉग में भी काफी कमी आई है। इसी को देखते हुए सरकार ने पहले लगाए गए प्रतिबंध को ढीला करने का फैसला किया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने तेल विपणन कंपनियों यानी OMCs को नई व्यवस्था तत्काल लागू करने के निर्देश दिए हैं।

शहरी और ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए अब एक ही नियम

उपभोक्तापहलेअब
शहरी क्षेत्र25 दिन25 दिन
ग्रामीण क्षेत्र45 दिन25 दिन

IOCL, BPCL और HPCL पर लागू होगा नियम

संशोधित बुकिंग अंतराल सरकारी तेल विपणन कंपनियों IOCL, BPCL और HPCL के जरिए लागू होगा। पेट्रोलियम मंत्रालय ने इन कंपनियों को नई 25 दिन वाली व्यवस्था तत्काल लागू करने के निर्देश दिए हैं।

ग्रामीण परिवारों को क्या फायदा होगा?

इस बदलाव का सबसे सीधा असर उन ग्रामीण परिवारों पर पड़ेगा, जहां LPG की खपत ज्यादा है और एक सिलेंडर लंबे समय तक नहीं चलता। पहले 45 दिन की अनिवार्य अवधि के कारण ऐसे परिवारों को अगला रिफिल बुक करने के लिए अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता था।

अब 25 दिन का अंतराल होने से पात्र घरेलू उपभोक्ता जरूरत पड़ने पर पहले अगला रिफिल बुक कर सकेंगे। इसके साथ ही ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच बुकिंग अंतराल का फर्क भी खत्म हो गया है।

क्या अब कभी भी LPG सिलेंडर बुक कर सकेंगे?

नहीं। 25 दिन का नियम खत्म नहीं किया गया है। संशोधित व्यवस्था के तहत पिछली रिफिल बुकिंग के बाद 25 दिन का अंतराल लागू रहेगा। यानी ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए पहले लागू 45 दिन की सीमा को घटाकर 25 दिन किया गया है। इसका मतलब यह नहीं है कि अगला सिलेंडर कभी भी बुक किया जा सकेगा।

आम उपभोक्ताओं के लिए क्यों अहम है फैसला?

LPG की सप्लाई और बुकिंग व्यवस्था में बदलाव का सीधा असर घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ता है। सरकार के मुताबिक, सप्लाई में सुधार और रिफिल बैकलॉग घटने के बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग अंतराल कम किया गया है। अब शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों के घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए अगली रिफिल बुक करने का अंतराल 25 दिन होगा।

विज्ञापन